जयपुर, चार अप्रैल (भाषा) राजस्थान के झुंझुनू जिले में एक युवक ने अपनी पत्नी द्वारा कथित तौर पर आत्महत्या किए जाने के कुछ ही घंटे बाद एक ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक यह घटना झुंझुनू जिले में सुल्ताना थाना क्षेत्र के पदमपुरा गांव में हुई। पुलिस के अनुसार विवाहिता भारती (23) ने अपने पति सचिन दूदवाल (25) से कहासुनी होने के बाद शनिवार सुबह कथित तौर पर घर पर ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
जयपुर में मजदूरी करने वाला सचिन विवाद के बाद शहर के लिए निकल गया था। पुलिस ने बताया कि अपनी पत्नी की मौत की खबर मिलने पर उसने कथित तौर पर ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी।
पुलिस के अनुसार यह आत्मघाती कदम उठाने से पहले उसने इंस्टाग्राम पर संदेश में लिखा कि वह अपनी पत्नी के बिना जीवित नहीं रह सकता।
थाना प्रभारी रविंद्र सिंह ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मुर्दाघर में रखवा दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि इस जोड़े की शादी करीब दो साल पहले हुई थी और हाल ही में उन्होंने अपने बेटे का जन्मदिन मनाया था। पुलिस के अनुसार शादी के बाद से ही उनके बीच अनबन चल रही थी।
भाषा
पृथ्वी रवि कांत