राजस्थान: मंत्री ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर डोटासरा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग की

Ads

राजस्थान: मंत्री ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर डोटासरा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग की

  •  
  • Publish Date - June 23, 2026 / 09:46 PM IST,
    Updated On - June 23, 2026 / 09:46 PM IST

जयपुर, 23 जून (भाषा) राजस्थान के कैबिनेट मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग की है।

उन्होंने आरोप लगाया कि डोटासरा ने राज्य सिविल सेवा में अपने परिवार के सदस्यों के चयन के लिए ओबीसी प्रमाण-पत्रों का दुरुपयोग किया।

रिश्वतखोरी के एक मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बिना किसी का नाम लिए कहा था कि एक चिकित्सक और एक मंत्री की भूमिका संदिग्ध है। इसके बाद मीणा स्वयं एसीबी मुख्यालय पहुंचे थे और इस संबंध में अपना पक्ष रखा था।

यह बात सामने आने के बाद डोटासरा ने मीणा से इस्तीफा और सफाई देने की मांग की थी।

मंगलवार को लिखे पत्र में मीणा ने आरोप लगाया कि राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और उनके रिश्तेदार रमेश पूनिया ने अपने परिवार के सदस्यों के लिए “फर्जी” ओबीसी गैर-क्रीमी लेयर प्रमाण—पत्र जारी करवाने में मदद की, जिसके आधार पर उनका राजस्थान प्रशासनिक सेवा (आरएएस) में चयन हुआ।

मीणा ने कहा, “यदि आवश्यकता हुई या कोई जांच एजेंसी चाहे तो मैं इसके साक्ष्य प्रस्तुत करूंगा।”

इस संबंध में डोटासरा की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

भाषा जोहेब

जोहेब