राजस्थान: निकाय चुनाव में 70 प्रतिशत से अधिक मतदान, कई जगह ईवीएम में खराबी

Ads

राजस्थान: निकाय चुनाव में 70 प्रतिशत से अधिक मतदान, कई जगह ईवीएम में खराबी

  •  
  • Publish Date - September 12, 2026 / 12:13 AM IST,
    Updated On - September 12, 2026 / 12:13 AM IST

जयपुर, 11 सितंबर (भाषा) राजस्थान में नगर निकाय चुनाव के दूसरे एवं अंतिम चरण के लिए शुक्रवार को 70 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

कई जगह इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में गड़बड़ी के मामले सामने आए और मतदाताओं की नाराजगी भी देखने को मिली। कई जगह मतदाता सूची में नाम नहीं मिलने के कारण भी लोग मतदान नहीं कर पाए।

अधिकारियों के अनुसार शाम छह बजे तक 70.68 प्रतिशत मतदान हुआ। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार शाम छह बजे तक के अनंतिम आंकड़ों के अनुसार मतदान प्रतिशत 70.68 प्रतिशत रहा। इस दौरान बालोतरा की धौरीमन्ना नगरपालिका में सबसे अधिक 91.59 प्रतिशत मतदान हुआ। सिरोही नगर परिषद में यह 62.03 प्रतिशत रहा।

इस चरण राज्य में 147 शहरी निकायों में कुल 87,63,595 मतदाताओं में से 61,93,865 ने इस दौरान वोट डाला।

अधिकारियों ने बताया कि मतदान शाम छह बजे तक हुआ। अंतिम आंकड़े अभी जारी किए जाने हैं।

सुबह सात बजे मतदान प्रारंभ होने के बाद शुरुआती घंटों में ही जयपुर, झुंझुनू, पुष्कर सहित कई जगह ईवीएम में खराबी की सूचनाएं सामने आईं। ईवीएम के नहीं चलने के कारण मतदान कुछ समय के लिए रुक गया जिस पर मतदाताओं ने नाराजगी जताई।

इस चरण में छह नगर निगम, 24 नगर परिषद तथा 117 नगरपालिकाओं में चुनाव हो रहा है और कुल 4,774 वार्डों के लिए 18,266 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।

इस चरण में जिन छह नगर निगमों के लिए मतदान हुआ, उनमें जयपुर, अजमेर, जोधपुर, कोटा, उदयपुर और पाली शामिल हैं।

राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने जयपुर के केशवनगर सामुदायिक भवन स्थित मतदान केंद्र पर पहुंचकर अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सपरिवार जगतपुरा के गेटोर में एक मतदान केंद्र पर मतदान किया।

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जोधपुर के महामंदिर इलाके में एक मतदान केंद्र पर अपनी पत्नी सुनीता गहलोत, बेटे वैभव गहलोत और बहू हिमांशी गहलोत के साथ मतदान किया।

इसके बाद गहलोत ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मतदाताओं को ‘‘इसे सबक सिखाना चाहिए।’’

उन्होंने कहा, ‘‘कुछ लोग संविधान को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं। संविधान को और मजबूत किए जाने की जरूरत है।’’

गहलोत ने आरोप लगाया कि राजस्थान में हालात ‘‘बहुत गंभीर’’ हैं।

उन्होंने दावा किया कि राज्य की भाजपा सरकार ने पिछले ढाई साल में कुछ नहीं किया है।

भाजपा ने जोधपुर में जिला निर्वाचन अधिकारी के पास शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि वार्ड-82 के जिस मतदान केंद्र पर गहलोत ने वोट डाला वहां आचार संहिता का उल्लंघन हुआ है।

पार्टी ने आरोप लगाया कि जब गहलोत मतदान केंद्र पहुंचे तो मतदान दल का एक सदस्य उठकर ‘‘उनके पैर छूने लगा।’’

भाजपा का दावा है कि यह हरकत किसी राजनीतिक दल को अधिक अहमियत दिया जाना दिखाती है। पार्टी ने कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने पाली जिले के सुमेरपुर में अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने जयपुर के सिविल लाइन स्थित मतदान केंद्र पर वोट डाला। राज्य के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने जयपुर में जेएलएन मार्ग के एक मतदान केंद्र पर मतदान किया। पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा व उनकी पत्नी ने गांधीनगर में मतदान केंद्र पर वोट डाला।

जयपुर में वार्ड संख्या-114 के एक केंद्र पर मतदान शुरू होने के कुछ ही देर बाद मामूली विवाद हो गया जहां एक निर्दलीय उम्मीदवार के समर्थकों ने मतदान केंद्र में कांग्रेस उम्मीदवार की मौजूदगी पर आपत्ति जताई।

झुंझुनूं जिले की चिड़ावा नगरपालिका में मतदान से पहले एक निर्दलीय उम्मीदवार पर कथित तौर पर हमला किया गया।

उम्मीदवार अशोक शर्मा ने आरोप लगाया कि मोटरसाइकिल सवार तीन लोगों ने उन पर हमला किया, जिससे उनके सिर में चोट आई। जयपुर नगर निगम में 150 वार्ड हैं, जहां 24.33 लाख मतदाता और 2,256 मतदान केंद्र हैं। यहां कुल 723 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।

इससे पहले, राज्य के 162 नगर निकायों के लिए नौ सितंबर को मतदान हुआ था जिसमें कुल 76.41 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। राजस्थान के कुल 309 नगर निकायों के चुनाव दो चरणों में हो रहे हैं। इनमें 10 नगर निगम, 51 नगर परिषद और 248 नगरपालिकाएं शामिल हैं। मतगणना 14 सितंबर को होगी।

भाषा पृथ्वी राजकुमार

राजकुमार