राजस्थान: देवस्थान विभाग के मंदिरों में मनाई जाएगी ‘पंचपर्व दीपावली’
राजस्थान: देवस्थान विभाग के मंदिरों में मनाई जाएगी ‘पंचपर्व दीपावली’
जयपुर, 10 अक्टूबर (भाषा) राजस्थान में देवस्थान विभाग के मंदिरों में दीपावली पर विशेष सजावट होगी और ‘पंचपर्व दीपावली’ मनाई जाएगी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दीपावली त्योहार के मद्देनजर देवस्थान विभाग को मंदिरों में विशेष सजावट करने के साथ ही विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।
शर्मा ने राजकीय विद्यालयों के सौंदर्यीकरण सहित सार्वजनिक स्थानों पर समुचित रोशनी और सजावट के विशेष दिशा-निर्देश भी दिए।
देवस्थान विभाग द्वारा ‘पंचपर्व दीपावली’ का विशेष आयोजन किया जाएगा और इस आयोजन में दीपावली से पहले सभी मंदिर परिसरों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।
अधिकारियों ने बताया कि ‘पंचपर्व दीपावली’ में रंगोली, महाआरती एवं भक्ति संध्या, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, महाभोग का वितरण भी किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नगर निकायों में पुरानी हो चुकी लाइटों के स्थान पर दो लाख नई स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी और इसके लिए उन्होंने स्थानीय निकाय विभाग को निविदा प्रक्रिया जल्द पूरी करने को कहा है।
अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर राज्य के 65,000 विद्यालयों में मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण का काम किया जा रहा है।
भाषा पृथ्वी जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


