हरिद्वार में ट्रक से टक्कर के बाद बस पलटी, राजस्थान के श्रद्धालु की मौत

Ads

हरिद्वार में ट्रक से टक्कर के बाद बस पलटी, राजस्थान के श्रद्धालु की मौत

  •  
  • Publish Date - June 1, 2026 / 06:44 PM IST,
    Updated On - June 1, 2026 / 06:44 PM IST

हरिद्वार, एक जून (भाषा) उत्तराखंड के हरिद्वार में सप्तऋषि क्षेत्र के पास सोमवार सुबह एक डंपर ट्रक की टक्कर के बाद राजस्थान के तीर्थयात्रियों से भरी बस पलट गई। पुलिस ने बताया कि हादसे में बस में सवार एक तीर्थयात्री की मौत हो गई और 38 अन्य घायल हो गए।

पुलिस के मुताबिक, यह हादसा सुबह लगभग सवा सात बजे सप्तऋषि पुलिस चौकी के पास श्रीराम पंजाबी ढाबा के नजदीक हुआ, जब बस सर्विस लेन से हाईवे कट पर जा रही थी और तभी देहरादून से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ट्रक ने उसे पीछे से टक्कर मार दी।

पुलिस के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस अनियंत्रित होकर पलट गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने बताया कि बचाव दल और स्थानीय निवासियों ने फंसे हुए यात्रियों को बस से बाहर निकाला।

उन्होंने बताया कि घायलों में 30 महिलाएं, छह पुरुष और दो लड़कियां शामिल हैं, जिन्हें इलाज के लिए हरिद्वार के जिला मेला अस्पताल और महिला अस्पताल ले जाया गया।

हरिद्वार के उप जिलाधिकारी योगेश मेहरा ने बताया कि घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता प्रदान की गई, जबकि बाकी यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने हादसे में शामिल दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है और घटना की जांच की जा रही है।

भाषा

सं दीप्ति पारुल

पारुल