राजस्थान: पुलिस ने गैंगस्टर सहित सात बदमाशों को पकड़ा

Ads

राजस्थान: पुलिस ने गैंगस्टर सहित सात बदमाशों को पकड़ा

  •  
  • Publish Date - May 22, 2026 / 10:33 PM IST,
    Updated On - May 22, 2026 / 10:33 PM IST

जयपुर, 22 मई (भाषा) राजस्थान पुलिस ने भरतपुर जिले में गैंगस्टर विनोद पथैना सहित सात बदमाशों को अवैध हथियार, कारतूसों और एक बुलेटप्रूफ जैकेट के साथ गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार भरतपुर की जिला पुलिस और जिला विशेष टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्थान, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के गैंगस्टर विनोद पथैना के संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने मथुरागेट थाने के एक होटल में दबिश देकर पथैना सहित सात बदमाशों को पकड़ा है।

कार्यवाहक जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र यादव ने बताया कि पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि यहां एक होटल ने पथैना और उसके 6-7 हथियारबंद साथियों को बिना किसी सूचना के ठहरा रखा है।

उन्होंने कहा कि पुलिस टीम को एक कमरे में सात लोग मिले जिनकी होटल के रजिस्टर में कोई ‘प्रविष्टि’ नहीं की गई थी।

उन्होंने कहा कि संदिग्धों की सघन तलाशी लेने पर मुख्य आरोपी विनोद पथैना के कब्जे से एक अवैध पिस्तौल, एक देसी कट्टा, 12 कारतूस, एक धारदार तलवार एवं एक बुलेटप्रूफ जैकेट और जमीनों के विवादित कागजात बरामद हुए। सह-आरोपी केशव के पास से एक देसी कट्टा एवं कारतूस जब्त की गईं।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए बदमाशों की पहचान मुख्य सरगना विनोद पथैना उर्फ पहलवान, केशव, गंगाराम, हाकिम, जितेंद्र, घनश्याम और अशोक के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी पथैना एक आदतन अपराधी है जिसके खिलाफ हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के विभिन्न थानों में लूट, डकैती, हत्या, हत्या का प्रयास, फिरौती और जमीनों पर अवैध कब्जे के दो दर्जन से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं।

भाषा पृथ्वी राजकुमार

राजकुमार