जयपुर, दो अप्रैल (भाषा) राजस्थान के पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने बृहस्पतिवार को कहा कि पुलिसकर्मियों को समय पर पदोन्नति मिलेगी और उनके लिए समान अवसर सुनिश्चित किए जाएंगे।
बीकानेर रेंज के दौरे के दौरान शर्मा ने पुलिस लाइन का विस्तृत निरीक्षण किया और नव निर्मित बैरक का उद्घाटन किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों से उनकी शिकायतें भी सुनीं।
उन्होंने विभिन्न इकाइयों और भोजनालय सुविधाओं की समीक्षा की तथा अधिकारियों को पौष्टिक भोजन और पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए ताकि कार्यप्रणाली प्रभावी हो सके।
पुलिस महानिदेशक ने ‘क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम्स प्रशिक्षण केंद्र’ का निरीक्षण किया और ‘स्मार्ट’ एवं ‘हाईटेक पुलिसिंग’ को मजबूत करने के लिए क्षमता निर्माण पर जोर दिया।
उन्होंने पुलिस लाइन में विशेष स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन किया और निर्देश दिया कि अधिक से अधिक कर्मियों को स्वास्थ्य कार्ड योजनाओं के अंतर्गत शामिल किया जाए। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों का कल्याण सर्वोच्च प्राथमिकता है।
पुलिस लाइन का निरीक्षण के बाद आयोजित ‘संपर्क सभा’ को संबोधित करते हुए शर्मा ने आश्वासन दिया कि विभिन्न कैडरों में पदोन्नति की खाई को कम करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उभरती चुनौतियों पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कर्मियों से विशेषकर अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय सीमाओं के मद्देनजर सतर्क रहने का आह्वान किया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सर्कल स्तर पर नियमित साइबर प्रशिक्षण आयोजित किया जाए और जांच अधिकारियों की डिजिटल साक्ष्य संभालने की दक्षता बढ़ाई जाए।
भाषा बाकोलिया राजकुमार
राजकुमार