राजस्थान पुलिस ने विशेष अभियान में 1259 कुख्यात अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की
राजस्थान पुलिस ने विशेष अभियान में 1259 कुख्यात अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की
जयपुर, 22 जुलाई (भाषा) राजस्थान पुलिस ने एक विशेष अभियान के तहत दो दिन में 1259 कुख्यात अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर राजस्थान पुलिस ने 20 जुलाई से 20 अगस्त तक एक माह का विशेष राज्यव्यापी अभियान शुरू किया है।
इस अभियान के दौरान कुख्यात अपराधियों, मादक पदार्थ तस्करों, साइबर अपराधियों, अवैध हथियार रखने वालों तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध व्यापक कार्रवाई की जा रही है।
एक बयान के मुताबिक विशेष अभियान के पहले दो दिन में 1259 कुख्यात अपराधियों की पहचान कर उनके विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई की गई। इन अपराधियों को गिरफ्तार करने के साथ ही कई स्थानों पर निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए उनकी गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया गया।
वहीं नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई के तहत एनडीपीएस के 220 प्रकरण दर्ज करते हुए 221 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इसी तरह साइबर अपराधों के खिलाफ 52 मामलों में 111 आरोपी गिरफ्तार किए गए।
पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने एक बयान में कहा कि पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने, संगठित अपराध, मादक तस्करी, साइबर अपराध एवं महिला अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि अपराधियों के विरुद्ध राज्य सरकार की कतई बर्दाश्त नहीं नीति के तहत यह विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा ताकि अपराधियों में कानून का भय और आमजन में सुरक्षा का विश्वास और अधिक सुदृढ़ हो सके।
भाषा पृथ्वी धीरज
धीरज

Facebook


