राजस्थान: सड़क हादसे में गर्भवती महिला की मौत, पति घायल

Ads

राजस्थान: सड़क हादसे में गर्भवती महिला की मौत, पति घायल

  •  
  • Publish Date - May 24, 2024 / 10:22 PM IST,
    Updated On - May 24, 2024 / 10:22 PM IST

कोटा (राजस्थान) 24 मई (भाषा) राजस्थान के कोटा-बारां राजमार्ग पर एक तेज रफ्तार वाहन ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी जिससे मोटरसाइकिल सवार गर्भवती महिला की मौत हो गई और उसका पति घायल हो गया। पुलिस ने शुक्रवार यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि सीमा चौहान (28) और उसके पति कुलदीप सिंह अपनी मोटरसाइकिल से मध्य प्रदेश जा रहे थे। हादसा राजमार्ग पर स्थित एक फैक्टरी के पास हुआ।

सीमलिया पुलिस थाने के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) दलपत सिंह ने बताया कि वाहन और मोटरसाइकिल की टक्कर से दोनों (गर्भवती महिला और उसका पति) सड़क पर गिर गए, जिससे वे घायल हो गए। दंपति को एमबीएस अस्पताल ले जाया गया जहां सीमा को मृत घोषित कर दिया गया जबकि कुलदीप को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

एसएचओ ने बताया कि मूल रूप से कोटा की रहने वाली सीमा की शादी पिछले साल अप्रैल में कुलदीप से हुई थी। वह छह महीने की गर्भवती थी और कुछ समय से अपने मायके रह रही थी।

प्रभारी निरीक्षक सिंह ने बताया कि मध्य प्रदेश के गुना जिले का रहने वाला कुलदीप बृहस्पतिवार शाम को अपनी पत्नी को वापस लेने के लिए कोटा आया था।

उन्होंने बताया कि दोनों शुक्रवार सुबह मोटरसाइकिल से मध्य प्रदेश स्थित अपने घर के लिए निकले थे तभी कोटा-बारां राजमार्ग पर एक तेज रफ्तार वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।

उन्होंने बताया कि सीमा का शव पोस्टमार्टम के बाद उसके परिवार को सौंप दिया गया है और आरोपी चालक को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।

भाषा

योगेश धीरज

धीरज