राजस्थान: ट्रेलर ने बाइक टक्कर मारी, तीन बच्चों की मौत

राजस्थान: ट्रेलर ने बाइक टक्कर मारी, तीन बच्चों की मौत

राजस्थान: ट्रेलर ने बाइक टक्कर मारी, तीन बच्चों की मौत
Modified Date: February 12, 2026 / 05:18 pm IST
Published Date: February 12, 2026 5:18 pm IST

कोटा, 12 फरवरी (भाषा) राजस्थान के बूंदी जिले में एक ट्रेलर ट्रक के बाइक को टक्कर मारने से छह से 12 साल आयुवर्ग के तीन बच्चों की मौत हो गई जबकि उनके पिता गंभीर रूप से जख्मी हो गए। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, यह घटना जिले के डाबी थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग 27 पर बुधवार देर शाम हुई।

इस घटना के बाद परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया और शवों को सड़क पर रख दिया तथा आरोपी ट्रक चालक की गिरफ्तारी की मांग की, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगभग एक घंटे तक यातायात बाधित रहा।

पुलिस के अनुसार, मदन बंजारा बुधवार रात को मोटरसाइकिल से अपने गांव प्राणाना जा रहे थे।

उनके साथ उनके तीन बच्चे – सुमन (6), अंकित बंजारा (8), करण बंजारा (12) भी थे।

तेज रफ्तार से आ रहे ट्रक ने कथित तौर पर उनकी मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी। पुलिस ने बताया कि टक्कर भीषण थी और चारों पीड़ित सड़क पर घिसटते चले गए।

तीनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पिता गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें कोटा के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है और बताया जा रहा है कि उनकी हालत खतरे से बाहर है।

क्षेत्र निरीक्षक हेमराज शर्मा ने बताया कि ट्रक कथित तौर पर तेज गति से चलाया रहा था, जिसके कारण चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और उसने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।

उन्होंने बताया कि दुर्घटना के बाद चालक घटनास्थल से फरार हो गया और उसकी तलाश जारी है। उन्होंने यह भी बताया कि वाहन को जब्त कर लिया गया है।

घटना के बाद, परिवार के सदस्य और ग्रामीण दुर्घटनास्थल पर जमा हो गए और राजमार्ग के ‘स्लिप-लेन’ पर शव रखकर विरोध प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन के कारण एनएच-27 पर लगभग एक घंटे तक यातायात बाधित रहा और दोनों लेन पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि तेज गति से चलने वाले वाहनों के कारण इस मार्ग पर अक्सर दुर्घटनाएं होती हैं और उन्होंने चालक की तत्काल गिरफ्तारी और पीड़ितों के परिवार को पर्याप्त मुआवजा देने की मांग की।

प्रदर्शनकारियों को नियमों के अनुसार कड़ी कार्रवाई और सहायता का आश्वासन दिया गया। शर्मा ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया और बृहस्पतिवार सुबह परिजनों को सौंप दिया गया।

भाषा नोमान प्रशांत

प्रशांत


लेखक के बारे में