राजस्थान: कोटा में तीन मंजिला इमारत ढही, मलबे से निकाले गए 15 में से दो लोगों की मौत

Ads

राजस्थान: कोटा में तीन मंजिला इमारत ढही, मलबे से निकाले गए 15 में से दो लोगों की मौत

  •  
  • Publish Date - February 8, 2026 / 12:08 PM IST,
    Updated On - February 8, 2026 / 12:08 PM IST

जयपुर, आठ फरवरी (भाषा) राजस्थान के कोटा में शनिवार रात तीन मंजिला इमारत के ढह जाने के बाद मलबे से कुल 15 लोगों को बाहर निकाला गया लेकिन उनमें से दो व्यक्तियों की मौत हो गई। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि घायलों में से आठ का इलाज जारी है जबकि पांच को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की पहचान आर्यन (20) और लक्ष्मण (15) के रूप में हुई है।

कैबिनेट मंत्री हीरालाल नागर ने पत्रकारों को बताया, “कुल 15 लोगों को मलबे से निकाला गया। दो लोगों की मौत हो गई है जबकि कुछ घायलों को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। तथ्यों का पता लगाने के लिए जांच के आदेश दिए जाएंगे और मामले में कार्रवाई की जाएगी।”

संभागीय आयुक्त अनिल अग्रवाल ने बताया कि आस-पास के इलाके में कुछ नया निर्माण कार्य जारी था और ऐसा अंदेशा है कि इसी कारण इमारत ढह गई।

यह घटना तलवंडी इलाके में हुई, जहां इमारत में एक रेस्तरां था।

अधिकारियों के अनुसार, इमारत ढहने के समय रेस्तरां में कुछ ग्राहक और कर्मचारी मौजूद थे।

उन्होंने बताया कि बचाव अभियान देर रात तक जारी रहा।

भाषा जितेंद्र सुरभि

सुरभि