जयपुर, 19 अप्रैल (भाषा) राजस्थान के अजमेर जिले में रविवार को एक यात्री बस के खाई में गिर जाने से उसमें सवार दो महिलाओं की मौत हो गई जबकि 31 अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, यह हादसा पुष्कर के निकट हुआ।
पुलिस ने बताया कि बस पुष्कर घाटी क्षेत्र में अनियंत्रित होकर करीब 200 फीट गहरी खाई में गिर गई और पेड़ों तथा झाड़ियों में फंस गई। बस में कुल 33 यात्री सवार थे, जो अजमेर से पुष्कर के एक गांव में सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे।
ग्रामीण क्षेत्र के वृत्त अधिकारी (सीओ) रामचंद्र चौधरी ने बताया कि सांझीसर से आगे अचानक बस मुख्य मार्ग से उतरकर खाई में जा गिरी।
इस घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और कपड़ों से अस्थायी रस्सियां बनाकर घायलों को बाहर निकाला।
घायलों को पहले पुष्कर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से बाद में उन्हें अजमेर स्थित जवाहरलाल नेहरू (जेएलएन) अस्पताल रेफर किया गया।
अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अरविंद खरे ने बताया कि 30 घायलों का उपचार जारी है, जबकि एक व्यक्ति को छुट्टी दे दी गई है।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान पूजा (28) और विमला देवी (50) के रूप में हुई है।
बचाव कार्य राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ), सिविल डिफेंस और स्थानीय पुलिस की टीमों द्वारा चलाया गया। हादसे के बाद पुष्कर घाटी क्षेत्र में यातायात प्रभावित रहा और लंबा जाम लग गया।
भाषा
बाकोलिया रवि कांत