राजस्थान : हेरोइन व हथियारों की तस्करी के आरोप में पंजाब के दो युवक गिरफ्तार
राजस्थान : हेरोइन व हथियारों की तस्करी के आरोप में पंजाब के दो युवक गिरफ्तार
जयपुर, पांच मई (भाषा) राजस्थान की पुलिस ने गंगानगर जिले में तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके पास से हेरोइन, अफीम तथा अवैध हथियार जब्त किए हैं।
अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि यह कार्रवाई समेजा कोठी पुलिस द्वारा भारत माला राजमार्ग पर की गई। युवकों के पास से 1.5 किलो हेरोइन, एक किलो अफीम, पांच पिस्तौल, 10 मैगज़ीन और 72 कारतूस जब्त किए गए।
जिला पुलिस अधीक्षक हरिशंकर ने बताया कि आरोपियों की पहचान कुलविंदर सिंह और रॉबिन सिंह के रूप में हुई जो पंजाब के फाजिल्का ज़िले के रहने वाले हैं।
उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच के अनुसार जब्त हथियार पाकिस्तान और चीन में बने हैं। हेरोइन की आपूर्ति भी सीमा-पार से होने का संदेह है।
पुलिस टीम ने एक कार में संदिग्ध रूप से घूम रहे आरोपियों को रोकने की कोशिश की। आरोपियों ने पुलिस बैरिकेड तोड़कर भागने की कोशिश की। पुलिस द्वारा पीछा किए जाने पर उनका वाहन एक ट्रॉली से टकरा गया जिससे उसके टायर फट गए।
अधिकारियों ने बताया कि इसके बाद आरोपियों ने पास के खेतों में पैदल भागने की कोशिश की, लेकिन स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें पकड़ लिया गया।
पुलिस ने बताया कि ज़ब्त किए गए हथियारों में से चार पिस्तौल पर ‘मेड इन पाकिस्तान’ और एक पर ‘मेड इन चाइना’ लिखा था जो आरोपियों के संगठित तस्करी नेटवर्क से जुड़े होने का संकेत है। उन्होंने आगे कहा कि हेरोइन की गुणवत्ता और पैकेजिंग भी उसके अंतरराष्ट्रीय होने का संकेत देती है।
जिला पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले में आगे जांच की जा रही है।
भाषा पृथ्वी मनीषा
मनीषा

Facebook


