राजस्थान : ‘अवैध खनन’ के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों पर हमला, छह घायल
राजस्थान : ‘अवैध खनन’ के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों पर हमला, छह घायल
जयपुर, एक जून (भाषा) राजस्थान के अजीतपुरा-कुजेता में कथित अवैध खनन के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों पर अज्ञात व्यक्तियों ने सोमवार को गोलियां चलाईं और पथराव किया। पुलिस ने हमले में कम से कम छह ग्रामीणों के घायल होने की जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, यह हमला तब हुआ, जब ग्रामीण विरोध-प्रदर्शन के लिए अजीतपुरा-कुजेता में फिर से जुटे थे।
पुलिस के अनुसार, हमले में कुछ ग्रामीणों को गोली लगी, जिसके बाद उन्हें तुरंत कोटपूतली के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। उसने बताया कि गंभीर रूप से घायल दो ग्रामीणों को बाद में बेहतर इलाज के लिए जयपुर भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) सतवीर सिंह ने बताया कि इस हमले में शामिल लोगों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के लिए कई विशेष टीम गठित की गई हैं।
सिंह ने कहा, “यह घटना गंभीर है और इसके लिए जिम्मेदार लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह छापेमारी की जा रही है।”
पुलिस ने बताया कि घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए वहां अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि अजीतपुरा-कुजेता में कथित अवैध खनन के खिलाफ प्रदर्शन पिछले कई महीनों से जारी है। उन्होंने बताया कि 29 मई को प्रशासन ने पुलिस की मदद से प्रदर्शन समाप्त करवाया था, लेकिन ग्रामीण सोमवार को फिर से उसी जगह पर जुटने लगे, जिसके बाद उन पर हमला हो गया।
हालांकि, ग्रामीणों ने दावा किया कि वे अवैध खनन, चट्टानों में विस्फोट और क्षमता से बहुत ज्यादा सामान ढोने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, लेकिन प्रशासन उनकी चिंताओं पर ध्यान नहीं दे रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि खनन माफियाओं से जुड़े अराजत तत्वों ने पहले प्रदर्शनकारियों के साथ दुर्व्यवहार किया था और उन्हें धमकाया था।
भाषा
पृथ्वी पारुल
पारुल

Facebook


