राज्यसभा में गतिरोध जारी, कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित

Ads

राज्यसभा में गतिरोध जारी, कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित

  •  
  • Publish Date - July 23, 2026 / 11:34 AM IST,
    Updated On - July 23, 2026 / 11:34 AM IST

नयी दिल्ली, 23 जुलाई (भाषा) राज्यसभा में बृहस्पतिवार को विपक्षी दलों ने नीट प्रश्नपत्र लीक मामले पर चर्चा शुरू करने से पहले केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराई और हंगामा किया जिसके कारण उच्च सदन की बैठक दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी गई।

हंगामे की वजह से सदन में शून्यकाल नहीं हो पाया।

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने कहा कि सरकार आज ही नीट मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है और विपक्ष को बहस के लिए कोई शर्त नहीं रखनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि विपक्ष ने ही चर्चा की मांग की और सरकार इसके लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि सभी सदस्य आपस में मिलकर तय करें कि चर्चा कब हो, किस नियम के तहत हो। ‘‘लेकिन कोई शर्त न रखें। शर्त रखकर आप चर्चा को बाधित कर रहे हैं।’’

रीजीजू ने कहा कि नीट परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक मामले पर कोई राजनीति के बिना, सदन में चर्चा होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस मामले में कड़े कदम उठाने की जानकारी देश को दी है।

नरेन्द्र मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा है कि देश के युवाओं का कल्याण और हित सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा उनके भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि प्रश्नपत्र लीक के मामलों में शामिल लोगों को जल्द से जल्द कठोर दंड देने के लिए सरकार ने त्वरित अदालतें स्थापित करने का फैसला किया है।

राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि इस मुद्दे पर चर्चा शुरू होने से पहले शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना होगा।

दोनों पक्षों के बीच नारेबाजी जारी रहने पर सभापति सी. पी. राधाकृष्णन ने सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी।

सोमवार से मानसून सत्र शुरू होने के बाद से संसद की कार्यवाही बार-बार बाधित होती रही है।

भाषा मनीषा वैभव

वैभव