प्रधानमंत्री मोदी पर राउत की टिप्पणी से विपक्ष की हताशा नए स्तर पर पहुंची : भाजपा

Ads

प्रधानमंत्री मोदी पर राउत की टिप्पणी से विपक्ष की हताशा नए स्तर पर पहुंची : भाजपा

  •  
  • Publish Date - June 13, 2026 / 05:03 PM IST,
    Updated On - June 13, 2026 / 05:03 PM IST

नयी दिल्ली, 13 जून (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को ‘अघोरी’ कहे जाने पर शिवसेना (उबाठा) नेता संजय राउत पर पलटवार करते हुए शनिवार को कहा कि विपक्ष की हताशा अब एक नए स्तर पर पहुंच गई है।

भाजपा ने आरोप लगाया कि राउत ने न केवल प्रधानमंत्री मोदी का अपमान किया, बल्कि यह कहकर गुजरात का भी अपमान किया कि प्रधानमंत्री ‘औरंगजेब की धरती’ से आते हैं।

शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेता राउत ने पुणे में संवाददाताओं से बातचीत में कहा था कि उन्होंने राजनीति में प्रधानमंत्री मोदी जैसा ‘अघोरी’ और क्रूर व्यक्ति कभी नहीं देखा तथा प्रधानमंत्री का संपूर्ण व्यक्तित्व भय पैदा करता है। राउत ने कहा कि मोदी उसी मिट्टी से आते हैं, जहां औरंगजेब का जन्म हुआ था।

राउत की टिप्पणी पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि इससे स्पष्ट होता है कि विपक्ष ‘‘हताशा के नए स्तर’’ पर पहुंच गया है और अब वह केवल मोदी ही नहीं, बल्कि पूरे गुजरात को निशाना बना रहा है।

पूनावाला ने एक वीडियो जारी कर कहा, ‘‘ विपक्ष की हताशा अब नए स्तर पर पहुंच गई है और अब वे केवल प्रधानमंत्री मोदी तथा एक संवैधानिक पद का ही अपमान नहीं कर रहे, बल्कि पूरे गुजरात राज्य का भी अपमान कर रहे हैं।’’

भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल अतीत में भी मोदी के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करते रहे हैं और राजनीतिक हताशा के कारण ऐसा लगातार कर रहे हैं।

पूनावाला ने कहा, ‘‘कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने सारी सीमाएं लांघ दी हैं। राहुल गांधी प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ अनेक आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल कर चुके हैं। प्रधानमंत्री के लिए 150 से अधिक अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया जा चुका है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘अब कांग्रेस के सहयोगी संजय राउत ने प्रधानमंत्री के खिलाफ बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी की है। उन्होंने इससे भी आगे बढ़कर गुजरात को औरंगजेब की धरती बताया है। इससे उनकी मानसिकता उजागर होती है।’’

भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि विपक्षी नेताओं के पास प्रधानमंत्री की आलोचना के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं है, इसलिए वे अपमानजनक भाषा का सहारा लेते हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘उनके पास प्रधानमंत्री के खिलाफ कोई वास्तविक आलोचना नहीं है। इसलिए वे लगातार अपशब्दों का इस्तेमाल करते हैं। भारत की जनता उन्हें इसका जवाब फिर देगी।’’

पूनावाला ने विपक्ष पर संवैधानिक पदों का अनादर करने का आरोप लगाते हुए कहा कि इस प्रकार की भाषा के लगातार इस्तेमाल के कारण उन्हें चुनावों में पराजय का सामना करना पड़ा है।

भाजपा नेता ने कहा, ‘‘मोदी और भाजपा का विरोध करते-करते वे संवैधानिक पदों का भी अपमान कर सकते हैं। वे राष्ट्रपति और लोकतांत्रिक रूप से चुने गए प्रधानमंत्री को अपशब्द कहते हैं, क्योंकि प्रधानमंत्री अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) परिवार और एक चाय बेचने वाले परिवार से आते हैं।’’

पूनावाला ने कहा, ‘‘वे सबसे खराब भाषा का इस्तेमाल करते हैं और फिर प्रेम की बात करते हैं। वास्तव में वे प्रेम नहीं, बल्कि अपमान और गाली-गलौज की राजनीति का प्रतिनिधित्व करते हैं। इसी राजनीति ने उन्हें चुनाव दर चुनाव हार दिलाई है, फिर भी वे नहीं सुधरते।’’

इससे पहले राउत ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘इस देश की राजनीति में इससे पहले ऐसा ‘अघोरी’ व्यक्ति कभी पैदा नहीं हुआ। इससे पहले इतना क्रूर व्यक्ति कभी सामने नहीं आया।’’

शिवसेना (उबाठा) नेता ने कहा, ‘‘इस देश ने जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी, लाल बहादुर शास्त्री, पी. वी. नरसिंह राव, राजीव गांधी, बाबासाहेब आंबेडकर और बालासाहेब ठाकरे जैसे महान नेता दिए हैं। लेकिन जब हम मोदी के पूरे व्यक्तित्व को देखते हैं, तो भय पैदा होता है। ऐसा व्यक्ति कहां से आया है?’’

राउत ने कहा, ‘‘वह उसी मिट्टी से आते हैं, जहां औरंगजेब का जन्म हुआ था। औरंगजेब का जन्म गुजरात में हुआ था, है न?’’

भाषा रवि कांत रवि कांत दिलीप

दिलीप