श्री विजय पुरम, 13 मई (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्रालय ने बुधवार को भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के वरिष्ठ अधिकारी रविंद्र सिंह यादव को अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह का पुलिस महानिदेशक नियुक्त किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
इस नियुक्ति से पहले, यादव दिल्ली में विशेष पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था, जोन एक) के पद पर कार्यरत थे।
अरुणाचल प्रदेश, गोवा, मिजोरम और केंद्र शासित प्रदेश (एजीएमयूटी) कैडर के 1995 बैच के आईपीएस अधिकारी यादव, 1997 बैच के आईपीएस अधिकारी हरगोविंदर सिंह धालीवाल का स्थान लेंगे।
धालीवाल का तबादला नयी दिल्ली कर दिया गया है।
यादव ने अपने करियर के दौरान कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है, जिनमें 2022 में दिल्ली पुलिस में विशेष पुलिस आयुक्त (अपराध) का पद भी शामिल है।
उन्होंने कई आपराधिक जांच, गैंगस्टरों के खिलाफ अभियानों और प्रौद्योगिकी आधारित पुलिसिंग योजनाओं का नेतृत्व किया है।
यादव ने इससे पहले अरुणाचल प्रदेश में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक के रूप में भी कार्य किया है।
वहीं धालीवाल अपने कार्यकाल के दौरान कई चर्चित मामलों की जांच से जुड़े रहे, जिनमें धौला कुआं सामूहिक दुष्कर्म मामला, पत्रकार सौम्या विश्वनाथन की हत्या और जिगीशा घोष हत्याकांड शामिल हैं।
वह गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के सहयोगियों सहित गिरोह नेटवर्क से संबंधित जांच में भी शामिल थे और उन्होंने पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड की जांच में भी अहम भूमिका निभाई थी।
भाषा जितेंद्र प्रशांत
प्रशांत
प्रशांत