राजस्थान में एसआई-प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा की पुनर्परीक्षा आयोजित

राजस्थान में एसआई-प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा की पुनर्परीक्षा आयोजित

राजस्थान में एसआई-प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा की पुनर्परीक्षा आयोजित
Modified Date: September 20, 2026 / 07:53 pm IST
Published Date: September 20, 2026 7:53 pm IST

जयपुर, 20 सितंबर (भाषा) राजस्थान पुलिस उपनिरीक्षक (एसआई) और प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा-2021 की पुनर्परीक्षा रविवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच राज्य के 11 जिलों में आयोजित की गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, पुनर्परीक्षा के लिए कुल 2,18,114 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था। परीक्षा 666 केंद्रों पर आयोजित की गई।

उन्होंने बताया कि नकल, फर्जी अभ्यर्थियों और अन्य अनियमितताओं को रोकने के लिए परीक्षा केंद्रों में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों का बायोमेट्रिक सत्यापन, चेहरे की पहचान की गई और तलाशी ली गई।

पेपर लीक के बाद 2021 की भर्ती परीक्षा रद्द किए जाने के चार साल बाद यह पुनर्परीक्षा आयोजित की गई है।

वर्ष 2021 की परीक्षा के लिए 7,97,011 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से 3,83,097 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए थे।

पेपर लीक मामले की जांच विशेष अभियान समूह (एसओजी) को सौंपी गई थी, जो अब भी इसकी जांच कर रहा है। इस मामले में अब तक करीब 149 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

भाषा बाकोलिया शोभना

शोभना


लेखक के बारे में