असम की करीमगंज उत्तर विधानसभा सीट के एक बूथ पर पुनर्मतदान जारी

Ads

असम की करीमगंज उत्तर विधानसभा सीट के एक बूथ पर पुनर्मतदान जारी

  •  
  • Publish Date - April 11, 2026 / 03:42 PM IST,
    Updated On - April 11, 2026 / 03:42 PM IST

गुवाहाटी, 11 अप्रैल (भाषा) असम में श्रीभूमि जिले के करीमगंज (उत्तर) विधानसभा क्षेत्र के एक बूथ पर शनिवार को मतदान जारी है। दो दिन पहले यहां भाजपा और कांग्रेस समर्थकों के बीच हुई झड़प के बाद पुनर्मतदान का आदेश दिया गया था। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

बेबीलैंड हाई इंग्लिश स्कूल के बूथ नंबर 239 पर पुनर्मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और शाम पांच बजे तक जारी रहेगा।

अधिकारी ने कहा, ‘‘पुनर्मतदान सुचारू रूप से जारी है तथा स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान के लिए सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली गई हैं।’’

इस बूथ पर भाजपा और कांग्रेस समर्थकों के बीच हुई झड़पों के बाद पुनर्मतदान का आदेश दिया गया था।

अधिकारी ने कहा, ‘‘नौ अप्रैल को असम विधानसभा चुनाव के मतदान के दौरान कुछ समस्याओं की खबरें मिली थीं, इसलिए पुनर्मतदान का आदेश दिया गया।’’

इस बूथ पर कुल 599 मतदाता हैं।

इस बराक घाटी निर्वाचन क्षेत्र में 14 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिसमें भाजपा के सुब्रत भट्टाचार्जी, कांग्रेस के जकारिया अहमद और एआईयूडीएफ के चौधरी हिब्बुर रसूल उसामा मबरुर के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है।

बृहस्पतिवार को इस निर्वाचन क्षेत्र में कुल मतदान प्रतिशत 86.15 दर्ज किया गया।

राज्य की सभी 126 विधानसभा सीट के लिए नौ अप्रैल को एक ही चरण में मतदान हुआ और लगभग 85.91 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।

निर्वाचन आयोग ने अभी तक मतदान का अंतिम आंकड़ा घोषित नहीं किया है।

भाषा

शुभम नेत्रपाल

नेत्रपाल