लाल किला, महापौर कार्यालय और कई स्कूलों को बम रखे होने की धमकियां मिली

Ads

लाल किला, महापौर कार्यालय और कई स्कूलों को बम रखे होने की धमकियां मिली

  •  
  • Publish Date - August 3, 2026 / 04:24 PM IST,
    Updated On - August 3, 2026 / 04:24 PM IST

नयी दिल्ली, तीन अगस्त (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में लाल किला, महापौर कार्यालय और कई स्कूलों को सोमवार सुबह ईमेल के जरिए बम रखे होने की धमकियां मिलीं, जिसके बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने तलाशी अभियान शुरू कर दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि अब तक ली गई तलाशी के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।

अधिकारियों के अनुसार, सुबह 9.07 बजे एक धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ, जिसके बाद दिल्ली पुलिस, बम निरोधक दस्ते, श्वान दस्ते और अग्निशमन सेवा की टीमें स्कूलों और ईमेल में उल्लिखित अन्य स्थानों पर पहुंचीं।

उन्होंने कहा कि स्कूल परिसरों को खाली करा लिया गया और अच्छी तरह से जांच की गई। उन्होंने कहा कि अब तक कुछ भी संदिग्ध नहीं पाया गया है।

विद्यालयों ने संदेश के माध्यम से अभिभावकों को सूचित किया कि स्कूलों को धमकी मिली है और सभी छात्रों को सुरक्षित निकाल लिया गया है।

सुबह 10.25 बजे भेजे गए संदेश में कहा गया, ‘पुलिस को सूचित कर दिया गया है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। जब पुलिस द्वारा स्कूल को सुरक्षित घोषित कर दिया जाएगा, तो कक्षाएं फिर से शुरू हो जाएंगी।’

अधिकारियों ने कहा कि आपातकालीन प्रतिक्रिया टीमों ने परिसरों की घेराबंदी करके, छात्रों और कर्मचारियों को बाहर निकालकर और कक्षाओं, प्रशासनिक ब्लॉकों और आसपास के क्षेत्रों की विस्तृत तलाशी करके मानक संचालन प्रक्रिया का पालन किया।

पुलिस ने कहा कि धमकी भरे ईमेल के स्रोत का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।

अधिकारियों ने माता-पिता और जनता से शांत रहने और सोशल मीडिया पर असत्यापित जानकारी फैलाने से बचने का आग्रह किया। साथ ही कहा कि सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय किए गए हैं।

भाषा नोमान नोमान नरेश

नरेश