टीबी खत्म करने के लिए सामाजिक संगठनों, धार्मिक संस्थाओं से निक्षय मित्र बनने की रेखा गुप्ता की अपील

टीबी खत्म करने के लिए सामाजिक संगठनों, धार्मिक संस्थाओं से निक्षय मित्र बनने की रेखा गुप्ता की अपील

टीबी खत्म करने के लिए सामाजिक संगठनों, धार्मिक संस्थाओं से निक्षय मित्र बनने की रेखा गुप्ता की अपील
Modified Date: August 4, 2026 / 08:21 pm IST
Published Date: August 4, 2026 8:21 pm IST

नयी दिल्ली, चार अगस्त (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने टीबी (तपेदिक) बीमारी को जड़ से खत्म करने के लिए मंगलवार को व्यापारिक, सामाजिक संगठनों और धार्मिक संस्थाओं से निक्षय मित्र बनने की अपील की।

गुप्ता ने कहा कि दिल्ली में अब तक 3,300 से अधिक निक्षय मित्र टीबी मरीजों के सहयोग के लिए जुड़ चुके हैं और उनके सहयोग से 1.2 लाख से अधिक पोषण आहार (फूड बास्केट) टीबी मरीजों को वितरित किए जा चुके हैं।

मुख्यमंत्री ने उद्योगों, व्यापारिक संगठनों, कॉर्पोरेट संस्थाओं, सामाजिक संगठनों, आरडब्ल्यूए, धार्मिक संस्थाओं एवं आम लोगों से भी निक्षय मित्र बनने की अपील की।

गुप्ता ने इसी के साथ सांसदों, विधायकों और पार्षदों से भी टीबी मरीज़ों को पूरा इलाज लेने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया।

मुख्यमंत्री ने यह अपील दिल्ली सचिवालय में ‘टीबी मुक्त भारत अभियान’ के तहत आयोजित जनप्रतिनिधियों के लिए ‘संवेदनशील कार्यशाला’ में की।

एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, स्वास्थ्य मिशन और दिल्ली राज्य स्वास्थ्य मिशन द्वारा आयोजित कार्यक्रम में गुप्ता ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा टीबी मरीजों की अधिसूचना के लिए निर्धारित लक्ष्यों के मुकाबले दिल्ली ने लगातार अपने वार्षिक लक्ष्य का 95 प्रतिशत से अधिक हासिल किया है।

उन्होंने कहा कि आज टीबी का प्रभावी उपचार उपलब्ध है और समय पर जांच एवं पूरा इलाज कराने से यह बीमारी पूरी तरह ठीक हो सकती है, लेकिन इस लक्ष्य को केवल अस्पतालों और डॉक्टरों के भरोसे प्राप्त नहीं किया जा सकता, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग को आगे आना होगा।

गुप्ता ने कहा, “सांसद, विधायक एवं पार्षद जनता के सबसे निकट होते हैं और उनकी बात पर लोगों का विश्वास होता है। यदि प्रत्येक जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्र में टीबी के प्रति जागरूकता बढ़ाने, समय पर जांच कराने और मरीजों को पूरा उपचार लेने के लिए प्रेरित करेंगे तो निश्चित रूप से इस अभियान को नयी गति मिलेगी।”

इस अवसर पर दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि चिकित्सा सुविधाओं के साथ-साथ समाज में जागरूकता बढ़ाना, टीबी से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करना और प्रत्येक मरीज को उपचार पूरा करने के लिए प्रेरित करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।

इस कार्यक्रम में सांसद, विधायक, पार्षद, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और अन्य लोग उपस्थित थे।

भाषा नोमान नोमान अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में