नयी दिल्ली, 10 जुलाई (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से अपील की है कि वह राष्ट्रीय राजधानी को फरीदाबाद और गुरुग्राम से जोड़ने वाले मंडी रोड को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करें तथा इसके विकास का काम भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को सौंपें।
गुप्ता ने गडकरी को एक पत्र लिखकर कहा कि 8.8 किलोमीटर लंबा मंडी रोड एक रणनीतिक परिवहन गलियारा है, जो छतरपुर मेट्रो स्टेशन के पास महरौली-गुरुग्राम रोड (राष्ट्रीय राजमार्ग-148ए) को दिल्ली-हरियाणा सीमा पर गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड से जोड़ता है।
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने एक बयान में कहा कि यह सड़क दिल्ली और गुरुग्राम एवं फरीदाबाद जैसे पड़ोसी आर्थिक केंद्रों के बीच एक अहम कड़ी का काम करती है तथा राज्यों के बीच यातायात सुगम बनाती है।
गुप्ता ने बताया कि एकीकृत यातायात और परिवहन अवसंरचना (योजना एवं अभियांत्रिकी) केंद्र की संचालन परिषद ने 27 सितंबर, 2023 को अपनी 68वीं बैठक में मंडी रोड के रणनीतिक महत्व को माना और इसे चौड़ा करने एवं इसके व्यापक विकास के प्रस्ताव का समर्थन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क के रणनीतिक महत्व, मौजूदा और भविष्य में यातायात की जरूरत और एनएच-148ए से इसके सीधे जुड़ाव को देखते हुए, इसे एनएचएआई के अधिकार क्षेत्र में शामिल करने पर विचार किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि मंडी रोड को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने से इस गलियारे की समेकित विकास योजना, समान अभियांत्रिकी मापदंड और समय पर उन्नयन में आसानी होगी।
भाषा राजकुमार अविनाश
अविनाश