दो दिन की बारिश में रेखा गुप्ता सरकार के दावों की पोल खुली: प्रदेश कांग्रेस

दो दिन की बारिश में रेखा गुप्ता सरकार के दावों की पोल खुली: प्रदेश कांग्रेस

दो दिन की बारिश में रेखा गुप्ता सरकार के दावों की पोल खुली: प्रदेश कांग्रेस
Modified Date: July 9, 2026 / 10:16 pm IST
Published Date: July 9, 2026 10:16 pm IST

नयी दिल्ली, नौ जुलाई (भाषा) दिल्ली प्रदेश कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में दो दिन की बारिश ने ही रेखा गुप्ता नीत सरकार के जलभराव रोकने के दावों की पोल खोल दी है।

प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता डॉ. नरेश कुमार ने आरोप लगाया कि पिछले 24 घंटों में मिंटो रोड अंडरपास, आईटीओ, धौलाकुआं, महरौली, एनएच-24 गाजीपुर बॉर्डर, अक्षरधाम, रिंग रोड, एम्स-साउथ एक्सटेंशन, जखीरा अंडरपास, प्रह्लादपुर, बुराड़ी, सदर बाजार, संगम विहार, दिल्ली-गुरुग्राम रोड, द्वारका एक्सप्रेसवे अंडरपास, रोहिणी, पीतमपुरा तथा दिल्ली के ग्रामीण क्षेत्रों के घेवरा और हिरणकुदना सहित कई अनधिकृत कॉलोनियों में जलभराव और लंबे यातायात जाम की स्थिति बनी रही।

उन्होंने एक बयान में कहा, “भाजपा सरकार पुरानी सरकार की कमियां गिनाकर अपनी उपलब्धियां बताने में लगी है, लेकिन चुनिंदा तस्वीरें दिखाकर पूरी दिल्ली की हकीकत नहीं छिपाई जा सकती। राजधानी की जनता खुद देख रही है कि बारिश के बाद शहर का बुनियादी ढांचा किस तरह जवाब दे रहा है।”

कुमार ने दिल्ली में 100 मिलीमीटर बारिश होने के बावजूद जलजमाव वाले अहम स्थानों पर पानी जमा नहीं होने के पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश साहिब सिंह के दावे का भी खंडन किया।

कांग्रेस नेता कहा कि 24 घंटे में 100 मिमी बारिश नहीं हुई है। कुमार ने कहा, “कम बारिश में ही कई सड़कें पानी में डूब गईं, अंडरपास जलमग्न हो गए और घंटों जाम लगा रहा। ऐसे में भारी बारिश की स्थिति से निपटने की सरकार की तैयारी पर सवाल उठना स्वाभाविक है।”

इससे पहले मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने संवाददाताओं से कहा, ‘हमने वादा किया था कि हम दिल्ली के लिए एक उचित जल निकासी व्यवस्था बनाएंगे ताकि लोग वास्तव में बारिश का आनंद ले सकें… पिछले 24 घंटों में, दिल्ली में 100 मिलीमीटर से अधिक बारिश हुई है। उसके बाद भी, मिंटो ब्रिज पर यातायात सुचारू रूप से चल रहा है, लेकिन वहां पहले बड़ी बसें और अन्य वाहन फंस जाते थे।’

भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, शहर में सुबह 8.30 बजे तक पिछले 24 घंटों में 72.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

भाषा नोमान नोमान पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में