सरकार के खिलाफ विपक्ष के दुष्प्रचार का जवाब दें: मोदी ने महाराष्ट्र के भाजपा सांसदों से कहा
सरकार के खिलाफ विपक्ष के दुष्प्रचार का जवाब दें: मोदी ने महाराष्ट्र के भाजपा सांसदों से कहा
नयी दिल्ली, 25 जुलाई (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को महाराष्ट्र के भाजपा सांसदों से जनसंपर्क बढ़ाने और सरकार के खिलाफ विपक्ष के दुष्प्रचार का मुकाबला करने को कहा।
मोदी ने महाराष्ट्र से लोकसभा और राज्यसभा के सदस्यों से मुलाकात की और पहली बार चुने गए सदस्यों से संसद में उनके अनुभव साझा किए।
भाजपा के पास पहली बार लोकसभा सदस्य बने चार सदस्य मुरलीधर मोहोल, अनूप धोत्रे, हेमंत सावरा और स्मिता वाघ हैं।
सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री ने भाजपा सांसदों से कहा कि वे केंद्रीय बजट में घोषित योजनाओं और पहलों को जन-जन तक ले जाएं तथा सरकार के बारे में दुष्प्रचार के विपक्ष के प्रयासों को विफल करें।
बैठक में शामिल भाजपा के एक सांसद ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री ने हमसे सरकार के खिलाफ विपक्ष के दुष्प्रचार को रोकने और बूथ स्तर पर हर मतदाता तक पहुंचने के लिए भी कहा।’’
बैठक में केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता पीयूष गोयल भी मौजूद थे।
भाजपा ने हाल के लोकसभा चुनाव में महाराष्ट्र की 28 सीट पर चुनाव लड़ा था। इनमें से नौ पर वह जीत हासिल करने में सफल रही। 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने 23 सीट जीती थीं।
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली भाजपा की सहयोगी शिवसेना ने जिन 15 सीटों पर चुनाव लड़ा था, उनमें से सात पर जीत हासिल की, जबकि अजित पवार के नेतृत्व वाली राकांपा ने चार सीट पर उम्मीदवार उतारे थे।
महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव सितंबर-अक्टूबर में होने हैं और भाजपा ने घोषणा की है कि वह अपने सहयोगी दलों शिवसेना और राकांपा के साथ चुनाव लड़ेगी।
भाषा ब्रजेन्द्र नोमान नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


