श्रीनगर, 20 जुलाई (भाषा) मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के वरिष्ठ नेता और कुलगाम से विधायक एम वाई तारीगामी ने सोमवार को कहा कि जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करना दिल्ली और यहां के लोगों के बीच ‘विश्वास की कमी’ को दूर करने की दिशा में एक बड़ा कदम होगा।
तारीगामी ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘देश के नेतृत्व के लिए अब भरोसा जगाने का समय आ गया है। जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा वापस देना पिछले कई वर्षों और दशकों से चली आ रही अविश्वास की खाई को पाटने की दिशा में एक बहुत बड़ा कदम साबित होगा।’
उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर के लोग संप्रभुता पर सवाल नहीं उठा रहे हैं, बल्कि ‘जिस तरह से उनके और उनके अधिकारों के साथ व्यवहार किया जा रहा है, उस पर सवाल उठा रहे हैं।’
माकपा नेता ने कहा, ‘जैसा कि इतिहास हमें सिखाता है, किसी क्षेत्र में शांति वास्तव में तभी स्थापित होती है जब वहां के असली हितधारकों यानी उस विशेष क्षेत्र के लोगों को साथ लिया जाए, उनसे सलाह ली जाए और उन्हें अपना माना जाए। लोगों को अपना मानने का मतलब है कि उनके अधिकारों को बहाल करने के लिए कदम उठाए जाएं।’
राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग को लेकर नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रदर्शन का समर्थन करते हुए तारीगामी ने कहा कि सत्ताधारी दल द्वारा यह मांग उठाना बिल्कुल सही है।
भाषा सुमित नरेश
नरेश