नयी दिल्ली, छह मई (भाषा) तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी हैदराबाद मेट्रो रेल परियोजना के दूसरे चरण को लेकर केंद्र की पूर्ण मंजूरी प्राप्त करने के लिए बुधवार को केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात करेंगे। राज्य सरकार के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
हैदराबाद मेट्रो के इस विस्तार को केंद्र सरकार से सैद्धांतिक मंजूरी मिल चुकी है, लेकिन औपचारिक अनुमोदन और क्रियान्वयन की प्रक्रिया को अभी अंतिम रूप दिया जाना बाकी है।
हैदराबाद मेट्रो के दूसरे चरण में राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से फ्यूचर सिटी (9.6 किलोमीटर), जुबली बस स्टेशन (जेबीएस) से मेडचल (24.5 किलोमीटर) और जेबीएस से शमीरपेट (22 किलोमीटर) तक तीन कॉरिडोर शामिल हैं।
मुख्यमंत्री के राष्ट्रीय राजधानी में रहने के दौरान कांग्रेस पार्टी के नेताओं से मुलाकात करने की भी उम्मीद है।
भाषा सुरभि नरेश
नरेश