जीडीपी के आंकड़ों पर सवाल उठाने को लेकर रीजीजू का कांग्रेस पर पलटवार; पूछा: क्या पार्टी नशे में है
जीडीपी के आंकड़ों पर सवाल उठाने को लेकर रीजीजू का कांग्रेस पर पलटवार; पूछा: क्या पार्टी नशे में है
(फाइल फोटो के साथ)
नयी दिल्ली, दो सितंबर (भाषा) भारत के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) आंकड़ों पर सवाल उठाने के लिए केंद्रीय मंत्री किरेन रीजीजू ने बुधवार को कांग्रेस पर निशाना साधा और पूछा कि क्या विपक्षी पार्टी ‘‘गहरे नशे’’ में है या देश की तरक्की से वह इतनी नफरत करती है कि उसे जमीनी हकीकत का अंदाजा ही नहीं रहा।
रीजीजू ने ‘एक्स’ पर कांग्रेस की केरल इकाई की एक पोस्ट के जवाब में यह बात कही। केरल प्रदेश कांग्रेस ने अपनी पोस्ट में कहा था, ‘‘अब कोई भी उस झूठी कहानी पर यकीन नहीं करता। दुनिया इस धोखे को समझती है।’’
कांग्रेस की केरल इकाई ने ‘बीयर मग’ की एक तस्वीर भी पोस्ट की, जिसमें भारतीय अर्थव्यवस्था को असली तरल पदार्थ और आधिकारिक जीडीपी आंकड़ों को बुलबुले के तौर पर दिखाया गया है।
रीजीजू ने सवाल किया, ‘‘क्या कांग्रेस बहुत अधिक बीयर पीने की वजह से गहरे नशे में है या कांग्रेस के लोग भारत की तरक्की से इतनी नफरत करते हैं कि वे जमीनी हकीकत से दूर हो गए हैं?’’
अप्रैल-जून तिमाही में भारत की अर्थव्यवस्था उम्मीद से अधिक 7.8 प्रतिशत की दर से बढ़ी, जिससे पश्चिम एशिया युद्ध के कारण आर्थिक मंदी की आशंकाओं के बावजूद इसमें मजबूती दिखी।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जीडीपी वृद्धि को ‘‘असाधारण उपलब्धि’’ बताया है।
इससे पहले दिन में, कांग्रेस ने जीडीपी के आंकड़ों को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा और कहा कि मोदी सरकार को समझना होगा कि ‘पीआर’ से जीडीपी की तस्वीर चमकाई जा सकती है, अर्थव्यवस्था नहीं।
पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने यह दावा भी किया कि सरकार अपनी टीम और मीडिया के जरिए आंकड़ों की बाजीगरी से तैयार की गई जीडीपी बढ़ोतरी का ढोल पीट रही है, जबकि यह जमीनी हकीकत के बिल्कुल उलट है।
उन्होंने पूर्व वित्त सचिव सुभाष गर्ग के आकलन का हवाला देते हुए ‘एक्स’ पर पोस्ट किया कि देश की वास्तविक जीडीपी वृद्धि दर करीब 2.6 प्रतिशत है।
रमेश ने कहा, ‘हम चाहते हैं कि अर्थव्यवस्था सचमुच मजबूत हो, लेकिन मजबूत अर्थव्यवस्था का रास्ता झूठ के आधार पर गढ़े गए आंकड़ों को सजाने से नहीं, सच्चाई स्वीकार करने से निकलता है।’
भाषा सुभाष पवनेश
पवनेश

Facebook


