झारखंड में राजद की ताकत को नजर अंदाज नहीं किया जा सकता : तेजस्वी यादव

Ads

झारखंड में राजद की ताकत को नजर अंदाज नहीं किया जा सकता : तेजस्वी यादव

  •  
  • Publish Date - April 5, 2026 / 06:43 PM IST,
    Updated On - April 5, 2026 / 06:43 PM IST

(तस्वीर के साथ)

रांची, पांच अप्रैल (भाषा) राष्ट्रीय जनता दल (राजद)के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने रविवार को कहा कि उनकी पार्टी झारखंड में एक बड़ी ताकत है, जिसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यादव रांची में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करने और राज्य में संगठन को मजबूत करने की रणनीतियों पर चर्चा करने के लिए आए थे।

उन्होंने कहा, ‘‘राजद का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद झारखंड की यह मेरी पहली यात्रा है। मुझे पार्टी को आगे बढ़ाने, विस्तार करने और मजबूत करने की बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है।’’

बिहार के उप मुख्यमंत्री रह चुके यादव ने कहा कि पार्टी ने झारखंड में पिछले विधानसभा चुनावों में सात सीट पर चुनाव लड़ा था, जिनमें से दो सीट पर दोस्ताना मुकाबला हुआ था।

उन्होंने कहा, ‘‘इसके बावजूद, हम चार सीट पर विजयी हुए। अगर हमें अधिक सीट दी गई होती, तो हम और अधिक सीट पर जीत दर्ज करते।’’

यादव ने कहा कि झारखंड में राजद ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’(इंडिया गठबंधन) का हिस्सा है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा,‘‘झारखंड में राजद एक बड़ी ताकत है जिसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।’’राज्य में पार्टी और उसकी संगठनात्मक संरचना को और मजबूत किया जाएगा।

यादव ने कहा, ‘‘मैंने प्रदेश अध्यक्ष को एक टीम गठित करने और हर जिले का दौरा करने तथा मंडल स्तर पर जनसभाएं आयोजित करने का निर्देश दिया है, ताकि पार्टी को मजबूत किया जा सके।’’

यादव ने कहा कि उनका उद्देश्य राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी को मजबूत करना है।

बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष ने कहा, ‘‘हम केरल विधानसभा चुनाव वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) के साथ गठबंधन में लड़ रहे हैं, और जहां भी हमारी ताकत है, हम वहां चुनाव लड़ेंगे।’’

उन्होंने बिहार में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि उसने राज्य मशीनरी और धनबल का इस्तेमाल करके चुनाव जीता है।

यादव ने कहा, ‘‘हमें 1.90 करोड़ मत मिले, जो पिछले चुनाव से 20 लाख अधिक हैं।’’

भाषा धीरज रंजन

रंजन