नयी दिल्ली, 21 सितंबर (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बिजली उपभोक्ताओं के घरों की छतों पर मुफ्त सोलर पैनल लगाने की योजना के पंजीकरण के लिए सोमवार को एक पोर्टल की शुरुआत की।
गुप्ता ने सचिवालय में आयोजित एक कार्यक्रम में ‘पीएम सूर्य घर योजना के तहत ‘दिल्ली सोलर पोर्टल’ की शुरुआत की।
उन्होंने कहा कि पिछली सरकारें मुफ्त में चीजें देने की राजनीति करती थीं, जबकि वर्तमान सरकार विकास की राजनीति करती है।
गुप्ता ने कहा कि तीन किलोवाट तक का सोलर पैनल लगाने का पूरा खर्च दिल्ली सरकार वहन करेगी और तीन किलोवाट से अधिक क्षमता का सोलर पैनल लगाने पर दिल्ली और केंद्र सरकार मिलकर 1.56 लाख रुपये तक की सब्सिडी देगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह योजना स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। योजना के तहत सवा दो लाख से ज्यादा घरों पर सोलर पैनल लगाए जाने हैं।
मुख्यमंत्री ने दिल्लीवासियों से ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर योजना के लिए पंजीकरण कराने की अपील की।
कार्यक्रम में ऊर्जा मंत्री आशीष सूद ने कहा कि दिल्ली की भाजपा सरकार उपभोक्ताओं को न सिर्फ मुक्त बिजली दे रही है बल्कि उनकी छत पर बिजली पैदा करने वाले सौर पैनल मुफ्त लगा रही है और इससे उनके लिए आय के साधन बना रही है।
दिल्ली सरकार ने पहले ऐलान किया था कि राष्ट्रीय राजधानी के 2.30 लाख उपभोक्ताओं के घरों की छतों पर मुफ़्त सौर ऊर्जा पैनल लगाएं जाएंगे।
गुप्ता ने बताया था कि सरकार का लक्ष्य है कि सौर ऊर्जा पैनल लगाने का काम मार्च 2027 तक पूरा किया जाएगा।
भाषा नोमान अविनाश
अविनाश