पश्चिम बंगाल में एक स्कूल के बंद कमरे से 1.77 करोड़ रुपये जब्त, लेखाकार हिरासत में

Ads

पश्चिम बंगाल में एक स्कूल के बंद कमरे से 1.77 करोड़ रुपये जब्त, लेखाकार हिरासत में

  •  
  • Publish Date - June 11, 2026 / 03:01 PM IST,
    Updated On - June 11, 2026 / 03:01 PM IST

कोलकाता, 11 जून (भाषा) पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के कांचरापारा में पुलिस ने एक निजी स्कूल के बंद कमरे से लगभग 1.77 करोड़ रुपये नकद जब्त किये हैं और संस्थान के लेखाकार को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, यह जब्ती विशेष गोपनीय सूचना के आधार पर रात भर जारी तलाशी अभियान के दौरान की गई।

अधिकारी ने कहा, ‘‘नकद राशि जब्त कर ली गई है और इसके स्रोत का पता लगाने के लिए जांच जारी है। हम दस्तावेजों की जांच कर रहे हैं और संस्थान से जुड़े लोगों से पूछताछ जारी है।’’

उन्होंने कहा कि लेखाकार अभीक कुमार नाग को हिरासत में लिया गया है और उनसे इस राशि के स्रोत और उन परिस्थितियों के बारे में पूछताछ की जा रही है जिसके तहत इतनी बड़ी राशि स्कूल परिसर में रखी गई थी।

उन्होंने बताया कि कमल अधिकारी, गौतम घोष दस्तीदार, अभीक कुमार नाग और सयान नाग के खिलाफ एक लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत में वित्तीय अनियमितताओं और धोखाधड़ी के आरोप शामिल हैं।

कमल अधिकारी कांचरापारा नगर पालिका के अध्यक्ष हैं और बिजपुर के पूर्व विधायक सुबोध अधिकारी के भाई हैं।

छापेमारी के दौरान बंद कमरे से नकदी से भरे आठ पैकेट बरामद किए गए। रात में स्कूल में नोट गिनने वाली तीन मशीनें लाई गईं और गिनती की प्रक्रिया बृहस्पतिवार तड़के तक जारी रही।

गिरफ्तार किए गए लेखाकार ने अभी तक इस बात का संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं दिया है कि पैसा कहां से आया या इसे बैंक में जमा करने के बजाय बंद कमरे में क्यों रखा गया था।

हालांकि, स्कूल के प्रधानाचार्य विकास चंद्र पाल ने दावा किया कि पैसा संस्थान का है और प्रवेश शुल्क के माध्यम से एकत्र किया गया था।

पुलिस ने बताया कि वे स्कूल के रिकॉर्ड और वित्तीय दस्तावेजों की जांच कर रहे हैं ताकि यह पता चल सके कि नकदी आधिकारिक तौर पर दर्ज किये गए लेनदेन से मेल खाती है या नहीं।

भाषा

संतोष वैभव

वैभव