नयी दिल्ली, 17 जुलाई (भाषा) केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने शुक्रवार को कहा कि आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (एबी पीएम-जय) के तहत देशभर में सूचीबद्ध 37,000 से अधिक अस्पतालों के माध्यम से मरीजों को 1.91 लाख करोड़ रुपये से अधिक का नकदी रहित उपचार उपलब्ध कराया गया है।
जाधव ने कहा कि इस योजना की परिकल्पना ‘अंत्योदय’ की भावना के अनुरूप की गई थी, ताकि समाज के अंतिम छोर पर मौजूद व्यक्ति तक भी गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा सकें।
जाधव ने आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना और आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (एबीडीएम) के क्रियान्वयन की समीक्षा के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (एनएचए) की दो दिवसीय बैठक ‘चिंतन शिविर’ को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘एबी पीएम-जय के तहत उपलब्ध कराया गया प्रत्येक नकदी रहित उपचार अंत्योदय की भावना के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दोहराता है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच में समाज के अंतिम छोर पर मौजूद व्यक्ति को प्राथमिकता मिले।’’
योजना की पिछले सात वर्षों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘एबी पीएम-जय के तहत देशभर में सूचीबद्ध 37,000 से अधिक अस्पतालों के नेटवर्क के माध्यम से 1.91 लाख करोड़ रुपये से अधिक का नकदी रहित उपचार उपलब्ध कराया गया है। इससे यह दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य बीमा योजना बन गई है।’’
डिजिटल स्वास्थ्य के क्षेत्र में हुई प्रगति का उल्लेख करते हुए जाधव ने कहा कि आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन ने भविष्य की जरूरतों के अनुरूप स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए डिजिटल आधार तैयार किया है तथा इसके तहत 94 करोड़ से अधिक आयुष्मान भारत स्वास्थ्य खाता (आभा) नंबर बनाए गए हैं और 100 करोड़ से अधिक स्वास्थ्य रिकॉर्ड उनसे जोड़े गए हैं।
भाषा
सिम्मी संतोष
संतोष