आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत दो दिवसीय यात्रा पर पश्चिम बंगाल पहुंचे

Ads

आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत दो दिवसीय यात्रा पर पश्चिम बंगाल पहुंचे

  •  
  • Publish Date - December 30, 2023 / 06:40 PM IST,
    Updated On - December 30, 2023 / 06:40 PM IST

(फाइल फोटो के साथ)

कोलकाता, 30 दिसंबर (भाषा) राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत पश्चिम बंगाल के दो दिवसीय दौरे पर शनिवार दोपहर कोलकाता पहुंचे।

भागवत यहां पहुंचने के तुरंत बाद अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) के अध्यक्ष कल्याण चौबे के आवास पर गये और एक बंद कमरे में उनके साथ बैठक की।

चौबे ने 2019 के लोकसभा चुनाव में कृष्णानगर सीट पर तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की महुआ मोइत्रा के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के टिकट पर चुनाव लड़ा था, लेकिन वह हार गए थे।

भागवत के शाम को केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) के पूर्व संयुक्त निदेशक उपेन बिस्वास से भी मिलने की उम्मीद है।

बिस्वास सीबीआई से सेवानिवृत्त होने के बाद सत्तारूढ़ टीएमसी में शामिल हो गए थे और 2011 से 2016 तक पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के मंत्री थे।

राज्य में शिक्षक भर्ती में अनियमितताओं को सामने लाने में अहम भूमिका निभाने वाले बिस्वास ने 2021 में टीएमसी से इस्तीफा दे दिया था।

एक नेता ने बताया कि भागवत रविवार को राज्य मुख्यालय, केशव भवन में आरएसएस की एक संगठनात्मक बैठक की अध्यक्षता करेंगे। उन्होंने बताया कि बैठक में भाजपा और आरएसएस के बीच बेहतर समन्वय का मुद्दा उठाये जाने की उम्मीद है।

भाषा

देवेंद्र पवनेश

पवनेश