जयपुर, 22 जून (भाषा) राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोमवार को भाजपा पर विपक्षी दलों के सांसदों को राजग में शामिल करके जनादेश को कमजोर करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि सत्तारूढ़ दल लोकतांत्रिक विपक्ष की आवाज को कमजोर करने की कोशिश कर रहा है।
गहलोत ने ‘एक्स’ पर लिखा कि भाजपा द्वारा लगातार सांसदों की खरीद-फरोख्त करना सीधे तौर पर जनमत को एक खुली चुनौती है।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने 2024 के लोकसभा चुनावों में जनता से ‘400 से ज्यादा’ सीट जिताने का आहृवान किया था, लेकिन देश की सजग जनता ने उन्हें बहुमत से दूर केवल 240 सीटों पर ही समेट दिया।
उन्होंने कहा, “केंद्र में राजग की सरकार है, जिसमें फिलहाल कोई खींचतान भी नजर नहीं आती। इसके बावजूद तृणमूल कांग्रेस शिवसेना और बीजद जैसे दलों के सांसदों को तोड़कर भाजपा और राजग में शामिल करना यह साफ दिखाता है कि भाजपा धनबल ओर बाहुबल के आगे जनादेश को कुछ नहीं समझती।”
भाषा बाकोलिया
जोहेब
जोहेब