सबरीमला सोना चोरी मामला: मुख्य आरोपी उन्नीकृष्णन पोट्टी को न्यायिक हिरासत में भेजा गया

सबरीमला सोना चोरी मामला: मुख्य आरोपी उन्नीकृष्णन पोट्टी को न्यायिक हिरासत में भेजा गया

सबरीमला सोना चोरी मामला: मुख्य आरोपी उन्नीकृष्णन पोट्टी को न्यायिक हिरासत में भेजा गया
Modified Date: October 30, 2025 / 05:25 pm IST
Published Date: October 30, 2025 5:25 pm IST

पथनमथिट्टा, 30 अक्टूबर (भाषा) केरल के रन्नी की एक अदालत ने सबरीमला मंदिर से कथित तौर पर सोना चोरी करने के मामले में मुख्य आरोपी उन्नीकृष्णन पोट्टी को बृहस्पतिवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

विशेष जांच दल (एसआईटी) ने पोट्टी की हिरासत अवधि समाप्त होने के बाद दोपहर में उसे रन्नी स्थित प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया था।

अदालत ने पोट्टी से पूछा कि क्या उसे एसआईटी से कोई शिकायत है, जिसका उसने नहीं में जवाब दिया।

आरोपी ने हालांकि अदालत को बताया कि वह कई बीमारियों से पीड़ित है और नियमित रूप से दवाओं का सेवन कर रहा है।

अभियोजन पक्ष ने जवाब में अदालत को सूचित किया कि पोट्टी को जेल में उचित चिकित्सा जांच और उपचार सुनिश्चित करने की व्यवस्था की जाएगी। अभियोजन पक्ष ने यह भी दलील दी कि सबरीमला से सोना गायब होने के संबंध में दर्ज एक अन्य मामले में पोट्टी को अब तक गिरफ्तार नहीं किया गया है।

अदालत ने पुलिस को उसे (पोट्टी को) सोमवार को फिर से पेश करने का निर्देश दिया।

पोट्टी को बाद में न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया और तिरुवनंतपुरम की विशेष जेल में स्थानांतरित कर दिया गया।

‘द्वारपालक मूर्तियों’ की सोना चढ़ी ताम्र प्लेटों से सोने की कथित चोरी के सिलसिले में पोट्टी एसआईटी की हिरासत में था।

दूसरा मामला मंदिर के श्रीकोविल (गर्भगृह) की चौखट से सोना गायब होने से जुड़ा है।

पुलिस ने बताया कि इस बीच सबरीमला के पूर्व प्रशासनिक अधिकारी बी. मुरारी बाबू की चार दिनों की एसआईटी हिरासत बढ़ा दी गयी।

भाषा जितेंद्र मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में