पंजाब के हर गांव में ‘सतलुज’ फिल्म दिखाएगा शिअद : बादल

Ads

पंजाब के हर गांव में ‘सतलुज’ फिल्म दिखाएगा शिअद : बादल

  •  
  • Publish Date - July 8, 2026 / 07:33 PM IST,
    Updated On - July 8, 2026 / 07:33 PM IST

चंडीगढ़, आठ जुलाई (भाषा) शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने बुधवार को कहा कि उनकी पार्टी मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालड़ा के जीवन पर आधारित फिल्म ‘सतलुज’ को पंजाब के हर गांव और हर कोने में दिखाएगी।

इस फिल्म का नाम पहले ‘पंजाब ’95’ था। यह फिल्म 1990 के दशक में पंजाब में आतंकवाद के दौर के मानवाधिकार कार्यकर्ता खालड़ा के जीवन पर आधारित है। इसे तीन जुलाई को नए नाम ‘सतलुज’ के साथ बिना किसी कट के ओटीटी मंच जी5 पर रिलीज किया गया था।

हालांकि, तीन साल से अधिक समय तक सेंसर प्रक्रिया में अटकी रही यह फिल्म दो दिन बाद पांच जुलाई को मंच से हटा दी गई।

राज्य में कुछ सिख धार्मिक संगठनों और अन्य समूहों ने कई स्थानों पर गुरुद्वारों और गांवों के मैदानों में सार्वजनिक रूप से फिल्म का प्रदर्शन शुरू कर दिया है।

बादल ने ‘एक्स’ पर पंजाबी में एक पोस्ट में कहा, ‘‘पंजाब के हर गांव और हर कोने में शिअद फिल्म ‘सतलुज’ दिखाएगी, जो कांग्रेस शासन के दौरान हजारों निर्दोष सिख युवाओं और शहीद भाई जसवंत सिंह जी खालड़ा जैसे सिख हस्तियों पर किए गए अमानवीय अत्याचारों पर आधारित है, ताकि हमारे बच्चे और आने वाली पीढ़ियां उन पर हुए अत्याचारों से पूरी तरह परिचित हो सकें।’’

उन्होंने कहा कि यह फिल्म उस दर्दनाक दौर की सच्चाई को दर्शाती है, जो सचखंड श्री हरमंदिर साहिब (स्वर्ण मंदिर) पर हुए ‘‘सैन्य हमले’’ के बाद भी समाप्त नहीं हुआ और दिल्ली तथा अन्य शहरों में (1984 के सिख विरोधी दंगों) हजारों निहत्थे निर्दोष सिख युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को जिंदा जलाया गया।

बादल ने पोस्ट में कहा, ‘‘पंजाब में इस हृदयविदारक नरसंहार के खिलाफ आवाज उठाने वाले हजारों सिख युवाओं को क्रूर कांग्रेस सरकार द्वारा फर्जी पुलिस मुठभेड़ों में शहीद कर दिया गया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘अब देश को उस दर्दनाक नरसंहार का इतिहास बताने से भी रोका जा रहा है। शिरोमणि अकाली दल ऐसा कभी नहीं होने देगा।’’

मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पंजाब इकाई ने कहा था कि सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय (एमआईबी) ने अभिनेता और गायक दिलजीत दोसांझ अभिनीत फिल्म ‘सतलुज’ को ओटीटी मंच जी5 से हटाए जाने की परिस्थितियों की समीक्षा के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की है।

पंजाब भाजपा ने एक बयान में कहा कि केंद्र सरकार की यह कार्रवाई प्रदेश भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों की अपील पर की गई है।

पंजाब में कई राजनीतिक दलों और सिख संगठनों ने फिल्म ‘सतलुज’ को ओटीटी मंच से हटाए जाने की सोमवार को आलोचना की थी।

हनी त्रेहन के निर्देशन में बनी ‘सतलुज’ खालड़ा के जीवन पर आधारित है।

भाषा अमित रंजन

रंजन