साकेत इमारत ढहने का मामला: निगम आयुक्त कार्यालय के बाहर ‘आप’ पार्षदों का विरोध प्रदर्शन

Ads

साकेत इमारत ढहने का मामला: निगम आयुक्त कार्यालय के बाहर ‘आप’ पार्षदों का विरोध प्रदर्शन

  •  
  • Publish Date - June 2, 2026 / 04:28 PM IST,
    Updated On - June 2, 2026 / 04:28 PM IST

(तस्वीरों सहित)

नयी दिल्ली, दो जून (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) के पार्षदों ने साकेत में इमारत के ढहने की घटना में कार्रवाई की मांग को लेकर मंगलवार को नगर निगम आयुक्त के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया।

इस हादसे में छह लोगों की मौत हो गई थी।

हाथ में तख्तियां लिये पहुंचे पार्षदों ने इमारत के ढहने के मामले में कथित निष्क्रियता के खिलाफ नारेबाजी की।

नगर निगम में विपक्ष के नेता अंकुश नारंग ने कहा कि आप पार्षदों ने सिविक सेंटर स्थित निगम मुख्यालय में नगर आयुक्त संजीव खिरवार के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया।

उन्होंने आरोप लगाया कि साकेत में इमारत के ढहने के मामले में भाजपा शासित नगर निगम में भ्रष्टाचार, अधिकारियों की मिलीभगत और लापरवाही उजागर हुई है।

नारंग ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘दिल्ली में अवैध निर्माण का पूरा नेटवर्क भाजपा के संरक्षण में संचालित हो रहा है। स्थानीय लोगों की शिकायतों के बावजूद उपायुक्त ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसी को लेकर निगम आयुक्त से मांग है कि दक्षिणी जोन के उपायुक्त को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाए।’’

उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा शासित नगर निगम की भ्रष्ट व्यवस्था ने निर्दोष लोगों की जान ली है। दोषी अधिकारियों और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई तथा पीड़ित परिवारों को न्याय मिलने तक आम आदमी पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा।’’

प्रदर्शन में शामिल तिलक नगर वार्ड से आप पार्षद अशोक कुमार मानु ने कहा कि इमारत ढहने की घटना में जान गंवाने वालों को न्याय मिलना चाहिए और जिम्मेदार अधिकारियों को इस्तीफा देना चाहिए।

मानु ने ‘पीटीआई वीडियो’ से कहा, ‘‘इस संपत्ति को पहले ही खतरनाक घोषित किया गया था और अदालत की ओर से नोटिस भी जारी किया गया था। इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई और इमारत ढह गई। हम आयुक्त कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर रहे हैं और उपायुक्त के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।’’

प्रदर्शन के दौरान कुछ पार्षद ‘कॉकरोच’ से मिलती-जुलती वेशभूषा में नजर आए और उन्होंने निगम में कथित भ्रष्टाचार के विरोध में नकली नोट हवा में फेंके।

मानु ने प्रदर्शन में नकली नोट लाने के सवाल पर कहा, ‘‘ये नोट ले लीजिए, लेकिन निर्दोष लोगों की जान बचाइए।’’

भाषा

खारी माधव

माधव