नयी दिल्ली, दो जून (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र की एनएचपीसी लिमिटेड की छह प्रतिशत हिस्सेदारी से जुड़ी बिक्री पेशकश (ओएफएस) को पहले दिन निवेशकों की जोरदार प्रतिक्रिया के बाद सरकार ने ग्रीन-शू विकल्प का उपयोग करने का मंगलवार को निर्णय लिया।
सरकार, एनएचपीसी में छह प्रतिशत तक हिस्सेदारी बिक्री पेशकश (ओएफएस) के माध्यम से बेच रही है।
बिक्री पेशकश को निवेशकों से उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिली और पहले ही दिन 3.47 गुना अधिक अभिदान मिला।
निवेश एवं लोक परिसंपत्ति प्रबंधन विभाग (डीआईपीएएम) के सचिव अरुणीश चावला ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘ एनएचपीसी लिमिटेड की बिक्री पेशकश को निवेशकों से शानदार प्रतिक्रिया मिली और पहले दिन 3.47 गुना अभिदान हासिल हुआ। आवंटन मूल्य-प्राथमिकता के आधार पर होगा। सरकार ने पूरे ग्रीन शू विकल्प का उपयोग करने का निर्णय लिया है। खुदरा निवेशक और कर्मचारी तीन जून, 2026 को बोली लगा सकेंगे।’’
भारत सरकार ने एनएचपीसी में तीन प्रतिशत हिस्सेदारी बेचने की घोषणा करते हुए कहा था कि इसमें ‘ग्रीन शू’ विकल्प यानी अधिक बोली आने की स्थिति में तीन प्रतिशत अतिरिक्त हिस्सेदारी बेचने का विकल्प रखा गया है। शेयर बिक्री के लिए न्यूनतम मूल्य 71 रुपये प्रति शेयर निर्धारित किया गया है।
ओएफएस मंगलवार को गैर-खुदरा निवेशकों के लिए खुला, जबकि खुदरा निवेशकों के लिए यह बुधवार को खुलेगा।
भाषा निहारिका अजय
अजय