नयी दिल्ली, दो जून (भाषा) सरकार ने पूंजी बाजार नियामक सेबी में पूर्णकालिक सदस्य के दो पदों को भरने के लिए योग्य उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित किए हैं।
वित्त मंत्रालय के आर्थिक मामलों के विभाग (डीईए) की तरफ से 26 मई को जारी अधिसूचना के मुताबिक, भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) में दो पूर्णकालिक सदस्यों के पदों के लिए आवेदन मांगे गए हैं।
पूर्णकालिक सदस्य का कार्यकाल अधिकतम पांच वर्ष का होगा, लेकिन यह 65 वर्ष की आयु सीमा के अधीन रहेगा। नियमों के तहत पुनर्नियुक्ति की अनुमति भी दी जा सकती है।
सरकार ने ऐसे उम्मीदवारों से आवेदन मांगे हैं जिनकी उम्र सीमा 45 से 60 वर्ष के बीच हो और उनके पास 20 वर्ष से अधिक का पेशेवर अनुभव हो। उम्मीदवार के पास प्रतिभूति बाजार से जुड़े मुद्दों को संभालने की क्षमता होनी चाहिए या कानून, वित्त, अर्थशास्त्र, लेखांकन, प्रशासन या अन्य प्रासंगिक क्षेत्रों में विशेष ज्ञान या अनुभव हो।
इच्छुक और पात्र उम्मीदवार 30 जून तक आवेदन कर सकते हैं।
फिलहाल सेबी में चार पूर्णकालिक सदस्य हैं, जिनमें कमलेश चंद्र वर्ष्णेय, अमरजीत सिंह, संदीप प्रधान और केवीआर मूर्ति शामिल हैं। इनमें वर्ष्णेय और सिंह का तीन साल का कार्यकाल सितंबर में पूरा हो रहा है।
भाषा प्रेम प्रेम अजय
अजय