चंडीगढ़, पांच मई (भाषा) पंजाब के जालंधर ज़िले में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) चौक के पास एक स्कूटर में मंगलवार शाम आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। वहीं, स्थानीय लोगों का दावा है कि उन्होंने वाहन से धमाके जैसी आवाज़ सुनी थी। पुलिस ने यह जानकारी दी।
यह घटना रात करीब आठ बजे बीएसएफ के पंजाब फ्रंटियर के मुख्यालय के बाहर हुई, जो मुख्य शहर को अमृतसर-दिल्ली राजमार्ग से जोड़ने वाली सड़क पर स्थित है।
पुलिस ने बताया कि कोई हताहत नहीं हुआ है और इलाके को घेर लिया गया है।
पुलिस ने कहा कि यह पता लगाया जा रहा है कि स्कूटर में आग कैसे लगी।
इस बीच विपक्षी दलों ने जालंधर में हुए ‘धमाके’ को लेकर आप सरकार पर हमला बोल दिया।
पुलिस आयुक्त धनप्रीत कौर ने कहा, ‘प्रथम दृष्टया, यहां (जालंधर में) खड़ी एक एक्टिवा (स्कूटर) में आग लग गई। हम अभी मौके पर तथ्यों की पुष्टि कर रहे हैं।’
उस समय इलाके में पुलिस की एक गश्ती टीम मौजूद थी।
एक सवाल के जवाब में कौर ने कहा कि अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि कोई धमाका हुआ है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि स्कूटर 22 वर्षीय युवक गुरप्रीत सिंह का है जो जांच में सहयोग कर रहा है। सिंह ने कहा कि उसके स्कूटर में अचानक आग लग गई।
भाषा तान्या अविनाश
अविनाश