जम्मू कश्मीर के सांबा, कठुआ में ड्रोन देखे जाने के बाद तलाशी अभियान शुरू
जम्मू कश्मीर के सांबा, कठुआ में ड्रोन देखे जाने के बाद तलाशी अभियान शुरू
जम्मू, 25 जुलाई (भाषा) जम्मू कश्मीर के सांबा और कठुआ जिलों में अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) के पास संदिग्ध पाकिस्तानी ड्रोन देखे जाने के बाद सुरक्षा बलों ने शनिवार को व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, सेना के जवानों ने शुक्रवार देर रात सांबा के विजयपुर इलाके के अग्रिम गांव तरोर के हवाई क्षेत्र में एक वस्तु देखी, जिसके पाकिस्तानी ड्रोन होने का संदेह है। इसके बाद तत्काल ड्रोन-रोधी उपाय सक्रिय कर दिए गए।
उन्होंने बताया कि ऐसा माना जा रहा है कि ड्रोन अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर वापस पाकिस्तान की ओर लौट गया।
अधिकारियों ने कहा कि शुक्रवार शाम कठुआ जिले के हीरानगर सेक्टर के चक नलुआ गांव के ऊपर भी एक अन्य संदिग्ध ड्रोन कुछ समय तक मंडराता हुआ देखा गया था।
उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों ने ड्रोन से संभावित रूप से गिराई गई सामग्री या उससे जुड़े अन्य सबूतों का पता लगाने के लिए दोनों स्थानों पर व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया। इस संबंध में ताजा रिपोर्ट मिलने तक अभियान जारी था।
अधिकारियों ने बताया कि बार-बार हो रही ड्रोन गतिविधियों को देखते हुए अंतरराष्ट्रीय सीमा पर निगरानी भी बढ़ा दी गई है।
भाषा प्रचेता सिम्मी
सिम्मी

Facebook


