दुमका, दो जुलाई (भाषा) झारखंड में दुमका और गोड्डा की दीवानी अदालतों में बृहस्पतिवार को हमले की चेतावनी देने वाला एक पत्र भेजे जाने के बाद सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि यह पत्र कुछ दिन पहले स्पीड पोस्ट के माध्यम से दुमका के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश को भेजा गया था।
दुमका के पुलिस अधीक्षक (एसपी) पिताम्बर सिंह खेरवार ने पत्रकारों से कहा, “स्पीड पोस्ट भेजने के लिए इस्तेमाल किए गए आधार कार्ड के आधार पर, हमने पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्दवान जिले के भातर में 55 वर्षीय व्यक्ति का पता लगाया। पूछताछ के दौरान उसने स्पष्ट रूप से इस पत्र को भेजने से इनकार किया और दावा किया कि उसके आधार कार्ड का दुरुपयोग किए जाने की आशंका है।”
दुमका पुलिस ने पश्चिम बंगाल पुलिस के साथ मिलकर इस मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
खेरवार ने कहा कि अदालत परिसर के आसपास के क्षेत्र में अलर्ट जारी कर दिया गया है और सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
एसपी ने कहा, “अदालत परिसर में एक त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी) और खोजी कुत्तों का दस्ता भी तैनात किया गया है।”
भाषा जोहेब नरेश
नरेश