नोएडा (उत्तर प्रदेश), 11 अगस्त (भाषा) गौतमबुद्ध नगर जिले में मंगलवार को सावन की शिवरात्रि के मद्देनजर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए जिसके तहत सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था के लिए करीब 2,500 पुलिसकर्मी तैनात हैं और सीसीटीवी कैमरों व ड्रोन के जरिए निगरानी की जा रही है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
मंगलवार सुबह से ही नोएडा और ग्रेटर नोएडा के प्रमुख मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कांवड़िये ‘बम-बम भोले’ के जयकारे लगाते हुए और भजनों पर नृत्य करते हुए मंदिरों की ओर पहुंच रहे हैं।
अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) राजीव नारायण मिश्रा ने बताया कि कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की भारी आवाजाही को देखते हुए नोएडा पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं।
उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था के लिए करीब 2,500 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। मंदिरों के अलावा कांवड़ मार्गों पर भी अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और यातायात विभाग को विशेष रूप से सतर्क किया गया है।
मिश्रा ने बताया कि मंदिरों और कांवड़ मार्गों पर 3,000 सीसीटीवी कैमरों और 30 ड्रोन के जरिए निगरानी की जा रही है।
उन्होंने कहा, ‘‘कृत्रिम मेधा (एआई) आधारित कैमरों की मदद से भीड़ का आकलन करने और संदिग्ध गतिविधियों की पहचान करने का काम किया जा रहा है। सोशल मीडिया पर भी नजर रखी जा रही है और भीड़ के बीच सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।’’
जिलाधिकारी मेधा रूपम और पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने नोएडा तथा ग्रेटर नोएडा में कांवड़ यात्रा की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
भाषा सं खारी
खारी