सुरक्षा बलों के संयुक्त अभियान में पूर्णिया में अवैध हथियारों की यूनिट का भंडाफोड़, पांच गिरफ्तार
सुरक्षा बलों के संयुक्त अभियान में पूर्णिया में अवैध हथियारों की यूनिट का भंडाफोड़, पांच गिरफ्तार
कोलकाता, 19 मई (भाषा) बिहार के पूर्णिया जिले में एक अवैध हथियार निर्माण इकाई का भंडाफोड़ करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि दमदाहा पुलिस थाना क्षेत्र के हरिपुर गांव में एक पेपर प्लेट निर्माण इकाई के नीचे भूमिगत कक्ष में चल रही ‘मिनी गन फैक्ट्री’ का भंडाफोड़ कोलकाता पुलिस एसटीएफ और बिहार एसटीएफ के संयुक्त अभियान में रविवार शाम को किया गया।
उन्होंने बताया कि विशेष रूप से डिजाइन किए गए भूमिगत कक्ष का उपयोग अभियान को छिपाने और हथियार निर्माण के दौरान उत्पन्न होने वाले शोर को कम करने के लिए किया गया था।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान दो भाइयों मिथु कुमार (28) और गब्बर राय (36) (इमारत के मालिक) और मुंगेर के मोहम्मद अनवर खान (48) और मोहम्मद आफताब आलम उर्फ लादन (35) के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान, पांच अर्ध-निर्मित पिस्तौलें, पिस्तौल के पांच ढांचे, पिस्तौल के चार बट और कथित तौर पर देसी हथियारों के निर्माण में इस्तेमाल होने वाली कई मशीनें जब्त की गईं।
उन्होंने बताया कि बड़ी मात्रा में कच्चा माल और औजार भी जब्त किए गए।
पुलिस ने बताया कि आगे की जांच में जांचकर्ताओं को सूरज कुमार (35) तक पहुंचने में सफलता मिली जिसे इस अभियान का कथित सरगना माना गया। उसे बाद में मुंगेर से गिरफ्तार किया गया।
कोलकाता पुलिस एसटीएफ द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, शस्त्र अधिनियम और बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
भाषा तान्या नरेश
नरेश

Facebook


