इंफाल, छह मई (भाषा) मणिपुर के राज्यपाल अजय कुमार भल्ला ने बुधवार को कहा कि सुरक्षाबलों ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में काम करते हुए राज्य में कानून व्यवस्था बनाए रखा और शक्ति के स्तंभ के रूप में दृढ़ता से खड़े रहे।
‘राज्यपाल का यूनिट प्रशस्तिपत्र-2026’ से जुड़े अलंकरण समारोह को संबोधित करते हुए भल्ला ने शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए निरंतर कार्य करने वाले सशस्त्र बलों के समर्पण, साहस और अनुकरणीय सेवा की सराहना की।
उन्होंने सेना,असम राइफल्स, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ), बीआरटीएफ और मणिपुर जिला पुलिस की उत्कृष्ट इकाइयों को उनकी सेवाओं के लिए राज्यपाल प्रशस्तिपत्र प्रदान किए।
हाल के वर्षों में राज्य के सामने आने वाली चुनौतियों का जिक्र करते हुए राज्यपाल ने कहा, ‘‘सुरक्षा बल शक्ति के स्तंभ के रूप में मजबूती से खड़े रहे, कठिन परिस्थितियों में काम करते हुए कानून और व्यवस्था बनाए रखी और लोगों के बीच सुरक्षा की भावना को बहाल किया।’’
भल्ला ने सुरक्षाकर्मियों के परिवारों के समर्थन और बलिदान को भी स्वीकार किया।
मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह ने विभिन्न समुदायों के लोगों की जान बचाने और मानवीय सेवाएं प्रदान करने में केंद्रीय व राज्य बलों के योगदान की सराहना की।
कानून और व्यवस्था बनाए रखने में सुरक्षा बलों द्वारा निभाई गई महत्वपूर्ण भूमिका को स्वीकार करते हुए मुख्यमंत्री ने विभिन्न समुदायों के बीच संबंधों को मजबूत करने के सरकारी प्रयासों में जनता के समर्थन और सहयोग की आवश्यकता पर जोर दिया।
वर्ष 2026 में राज्यपाल के यूनिट प्रशस्तिपत्र से सम्मानित होने वाली इकाइयों में 19 गढ़वाल राइफल्स, 17 असम राइफल्स, 38 असम राइफल्स, 40 असम राइफल्स, 2 महार रेजिमेंट, 25 बीआरटीएफ, काकचिंग जिला पुलिस, सेनापति जिला पुलिस, चूड़ाचांदपुर जिला पुलिस, 10 बीएसएफ और 143 सीआरपीएफ शामिल हैं।
भाषा
शुभम संतोष
संतोष