नयी दिल्ली, 13 मई (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को कहा कि 20,667 करोड़ रुपये की अहमदाबाद (सरखेज)-धोलेरा सेमी-हाई स्पीड दोहरी रेल लाइन परियोजना के लिए मंत्रिमंडल की मंजूरी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के देश को संपर्क, नवाचार और विनिर्माण के केंद्र में बदलने के दूरदर्शी लक्ष्य का एक सशक्त प्रमाण है।
शाह ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि यह परियोजना गुजरात को विनिर्माण और ‘लॉजिस्टिक’ के वैश्विक केंद्र के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी, साथ ही साथ महत्वपूर्ण रोजगार भी सृजित करेगी।
उन्होंने कहा, ‘‘यह मेरे लिए भी अत्यंत प्रसन्नता का विषय है कि यह परियोजना मेरे संसदीय क्षेत्र से होकर गुजरेगी। यह 134 किलोमीटर लंबी रेल लाइन अहमदाबाद को धोलेरा विशेष निवेश क्षेत्र (एसआईआर) और ग्रीनफील्ड औद्योगिक स्मार्ट सिटी से जोड़ेगी और नमो भारत ट्रेनों के लिए कनेक्टिविटी सुनिश्चित करेगी।”
गृह मंत्री ने कहा कि यह परियोजना धोलेरा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और लोथल राष्ट्रीय समुद्री विरासत परिसर को जोड़ेगी।
उन्होंने कहा, ‘‘यह 20,667 करोड़ रुपये की परियोजना रोजगार सृजन के साथ-साथ गुजरात को विनिर्माण और लॉजिस्टिक का वैश्विक केंद्र बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।’’
शाह ने नागपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के उन्नयन और आधुनिकीकरण के मंत्रिमंडल के निर्णय के लिए नागपुर के लोगों को बधाई भी दी।
भाषा देवेंद्र धीरज
धीरज