सेमी-हाई-स्पीड ट्रेन परियोजना से विनिर्माण केंद्र में तब्दील होगा गुजरात : अमित शाह

Ads

सेमी-हाई-स्पीड ट्रेन परियोजना से विनिर्माण केंद्र में तब्दील होगा गुजरात : अमित शाह

  •  
  • Publish Date - May 13, 2026 / 09:15 PM IST,
    Updated On - May 13, 2026 / 09:15 PM IST

नयी दिल्ली, 13 मई (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को कहा कि 20,667 करोड़ रुपये की ‘अहमदाबाद (सरखेज)-धोलेरा सेमी-हाई-स्पीड डबल रेल लाइन परियोजना’ को कैबिनेट की मंजूरी देश को कनेक्टिविटी, नवाचार और विनिर्माण केंद्र में बदलने के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी लक्ष्य का एक सशक्त प्रमाण है।

शाह ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि यह परियोजना गुजरात को विनिर्माण और साजो-सामान के वैश्विक केंद्र के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी, साथ ही साथ महत्वपूर्ण रोजगार भी सृजित करेगी।

उन्होंने कहा, ‘‘आज देश के साथ ही गुजरात के लिए भी एक महत्त्वपूर्ण दिन है, जब केंद्रीय कैबिनेट ने अहमदाबाद (सरखेज) – धोलेरा सेमी हाई-स्पीड डबल रेल लाइन परियोजना को मंजूरी प्रदान कर दी। यह मोदी जी के देश को कनेक्टिविटी, नवाचार और विनिर्माण केंद्र बनाने के दूरदर्शी विजन का सशक्त प्रमाण है। साथ ही, मेरे लिए भी यह हर्ष का विषय है कि यह परियोजना मेरे संसदीय क्षेत्र से होकर गुजरेगी।’’

गृह मंत्री ने कहा, ‘‘134 किमी लंबी यह रेल लाइन अहमदाबाद को धोलेरा विशेष निवेश क्षेत्र (एसआईआर) और ग्रीनफील्ड इंडस्ट्रियल स्मार्ट सिटी से जोड़ेगी तथा नमो भारत ट्रेनों की कनेक्टिविटी सुनिश्चित करेगी। साथ ही, यह धोलेरा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और लोथल राष्ट्रीय समुद्री धरोहर परिसर तक भी सीधी कनेक्टिविटी प्रदान करेगी। 20,667 करोड़ रुपये की यह परियोजना गुजरात को वैश्विक विनिर्माण और साजो-सामान का केंद्र बनाने के साथ-साथ रोजगार सृजन में भी अहम भूमिका निभाएगी।’’

शाह ने नागपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के उन्नयन और आधुनिकीकरण के मंत्रिमंडल के निर्णय के लिए नागपुर के लोगों को बधाई दी।

मंत्रिमंडल द्वारा सतही कोयला और लिग्नाइट गैसीकरण परियोजना को बढ़ावा देने के लिए 37,500 करोड़ रुपये की योजना को मंजूरी दिए जाने पर उन्होंने कहा कि इससे भारत के आर्थिक विकास को नयी गति मिलेगी।

गृह मंत्री ने कहा, ‘‘इससे ऊर्जा क्षमताओं को अनुकूलित करने के मोदी जी के दृष्टिकोण को साकार करने में भी तेजी आएगी, साथ ही 50,000 नौकरियों का सृजन भी होगा।’’

भाषा नेत्रपाल माधव

माधव