भुवनेश्वर, 26 जून (भाषा) वरिष्ठ पत्रकार शरत चंद्र दास का शुक्रवार को यहां एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वह 83 साल के थे।
उनके पारिवारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। उनके परिवार में दो बेटे और दो बेटियां हैं।
समाचार एजेंसी प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया (पीटीआई) के ओडिशा ब्यूरो के प्रमुख रहे दास प्रोस्टेट संबंधी बीमारियों से जूझ रहे थे। उनकी पत्नी प्रियंबदा का करीब एक साल पहले निधन हो गया था।
दास ने 42 साल पीटीआई में काम किया और 2003 में एजेंसी के ओडिशा ब्यूरो प्रमुख के पद से सेवानिवृत्त हुए।
उनके निधन पर कई नेताओं, पत्रकारों, मशहूर हस्तियों और विभिन्न क्षेत्रों के लोगों ने दुख जताया और उन्हें एक बेहतरीन पत्रकार, दयालु साथी और नेक इंसान के तौर पर याद किया।
बीजद अध्यक्ष नवीन पटनायक ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘वरिष्ठ पत्रकार शरत चंद्र दास के निधन की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ। पत्रकारिता में अपने लंबे करियर के दौरान उन्होंने कई सम्मान हासिल किए। वह ओडिशा मीडिया की दुनिया में एक सम्मानित व्यक्ति थे। उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए, मैं शोकसंतप्त परिवार के सदस्यों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं।’’
भाषा अविनाश नरेश
नरेश