सत्तारूढ़ एमएनएफ की हार को भांपते हुए भाजपा अब मिजोरम में जेडपीएम को लुभा रही : कांग्रेस

Ads

सत्तारूढ़ एमएनएफ की हार को भांपते हुए भाजपा अब मिजोरम में जेडपीएम को लुभा रही : कांग्रेस

  •  
  • Publish Date - November 2, 2023 / 06:57 PM IST,
    Updated On - November 2, 2023 / 06:57 PM IST

आइजोल, दो नवंबर (भाषा) कांग्रेस ने मंगलवार को दावा किया कि मिजोरम में सत्तारूढ़ मिजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ) की आसन्न हार को भांपते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नयी सरकार में उपमुख्यमंत्री पद सुरक्षित करने की उम्मीद में विपक्षी दल जोरम पीपुल्स मूवमेंट (जेडपीएम) को लुभा रही है।

प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता लालरेमरूता रेंथलेई ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि जेडपीएम और भाजपा के बीच एक ‘गुप्त समझौता’ हुआ है तथा जेडपीएम नेता लालडुहोमा की हाल की गुवाहाटी यात्राएं इसका प्रमाण हैं।

रेंथलेई ने कहा, ‘भाजपा के पास जिन राज्यों में अपने दम पर जीतने का मौका नहीं है, वहां क्षेत्रीय दलों के साथ गठबंधन करने की उसकी रणनीति कोई नई बात नहीं है। मौजूदा समय में, जेडपीएम और एमएनएफ, दोनों ही भाजपा के करीबी सहयोगी बनने की होड़ में हैं।’

उन्होंने दावा किया कि भाजपा एक ‘गुप्त समझौते’ के तहत सत्तारूढ़ एमएनएफ से धीरे-धीरे दूर हो रही है और विपक्षी दल जेडपीएम के करीब जा रही है।

रेंथलेई ने कहा, ‘एमएनएफ, जो लंबे समय से भाजपा की सहयोगी है, को अब आगामी चुनावों में संभावित विजेता के रूप में नहीं देखा जा रहा है, जिससे जेडपीएम के लिए उसकी जगह लेने का मार्ग प्रशस्त हो गया है।’

उन्होंने कहा, ‘जेडपीएम नेता लालडुहोमा की गुवाहाटी की हाल की यात्राओं में भाजपा के साथ गुप्त बैठकें शामिल होने का संदेह है। ऐसा लगता है कि भाजपा को सहयोगी दल के तौर पर उस पर भरोसा है।’

रेंथलेई ने दावा किया कि भाजपा जेडपीएम के साथ गठबंधन बनाने को लेकर आश्वस्त दिख रही है और उसे उपमुख्यमंत्री पद भी खुद के लिए सुरक्षित होने की उम्मीद है।

कांग्रेस नेता का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वनुपा जथांग ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि अगर खंडित जनादेश आता है, तो उनकी पार्टी एमएनएफ (जो पहले से ही राषट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का हिस्सा है) या जेडपीएम के साथ गठबंधन करने के लिए तैयार है और यह इस बात पर निर्भर करेगा कि चुनाव में किसे ज्यादा सीटें मिलेंगी।

कांग्रेस ने राज्य के लोगों से एमएनएफ या जेडपीएम को वोट न देने का आग्रह किया।

रेंथलेई ने कहा, ‘कांग्रेस भाजपा से मौजूद खतरे का मुकाबला करने की आवश्यकता में दृढ़ता से विश्वास करती है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि कुछ राजनीतिक दल अपनी भूमि और सांस्कृतिक पहचान से समझौता करने को तैयार दिखते हुए भी भाजपा के साथ संबंध बनाए हुए हैं।’

मिजोरम की 40 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान सात नवंबर को होगा, जबकि मतगणना तीन दिसंबर को की जाएगी।

भाषा पारुल माधव

माधव