तकनीकी गड़बड़ी के कारण दिल्ली मेट्रो की येलो लाइन पर सेवाएं बाधित

Ads

तकनीकी गड़बड़ी के कारण दिल्ली मेट्रो की येलो लाइन पर सेवाएं बाधित

  •  
  • Publish Date - June 21, 2022 / 04:51 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:31 PM IST

नयी दिल्ली, 21 जून (भाषा) दिल्ली मेट्रो की येलो लाइन के एक हिस्से पर तकनीकी खराबी के कारण करीब एक घंटे तक सेवाएं बाधित रहीं।

सूत्रों ने बताया कि ओएचई (ओवरहेड उपकरण) संबंधी कोई समस्या पैदा हो गई थी। येलो लाइन दिल्ली के समयपुर बादली और गुरुग्राम के हुडा सिटी सेंटर को जोड़ती है।

दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने अपराह्न करीब एक बजे ट्वीट किया, ‘‘येलो लाइन संबंधी ताजा जानकारी: समयपुर बादली और विश्वविद्यालय के बीच सेवाओं में विलंब। अन्य सभी लाइन पर सेवाएं सामान्य।’’

उसने अपराह्न करीब दो बजे एक अन्य ट्वीट किया कि सामान्य सेवाएं बहाल हो गई हैं।

मेट्रो की ब्लू लाइन पर जून में कई बार सेवाएं बाधित हुई हैं। ब्लू लाइन दिल्ली के द्वारका सेक्टर 21 और नोएडा के इलेक्ट्रानिक सिटी को जोड़ती है। यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन से इसकी एक शाखा गाजियाबाद के वैशाली तक जाती है।

दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) के अधिकारियों ने बताया था कि मंडी हाउस में एक ट्रेन में आई गड़बड़ी के कारण रविवार को सेवाएं कुछ देर बाधित रहीं।

इससे पहले, नौ जून को ब्लू लाइन पर एक बड़ी तकनीकी गड़बड़ी आने के कारण यात्री दो घंटे से अधिक समय तक फंसे रहे थे। इसी लाइन पर छह जून को तकनीकी गड़बड़ी के कारण डेढ़ घंटे सेवाएं बाधित रही थीं।

भाषा सिम्मी माधव

माधव