चिलकलूरिपेट (आंध्र प्रदेश), 27 अगस्त (भाषा) आंध्र प्रदेश के पलनाडु जिले में बुधवार देर रात एक निजी बस और ऑटो की टक्कर में सात लोगों की मौत हो गई तथा छह अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
नरसारावपेट के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) एम. हनुमंत राव के अनुसार, यह हादसा देर रात करीब एक बजे हुआ। तिरुपति जा रही निजी बस चिलकलूरिपेट के पास एक यात्री को लेने के लिए बाइपास पर रुकी थी।
उन्होंने कहा कि यात्री को लेने के बाद बस नरसारावपेट बस अड्डे की ओर जा रही थी, तभी कला मंदिर जंक्शन के पास उसकी ऑटो से टक्कर हो गई।
राव ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘पलनाडु जिले में कला मंदिर जंक्शन के पास बस की ऑटो से टक्कर में सात लोगों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हुए।’’
डीएसपी ने बताया कि ऑटो गलत दिशा से सड़क की ओर मुड़ा और करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आ रही बस के रास्ते में आ गया।
पुलिस के अनुसार, चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि तीन अन्य ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
हादसे में घायल छह लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
भाषा शोभना वैभव
वैभव